जैकी श्रॉफ ने किया नंदा और फारूक शेख को याद, पोस्ट में झलकी पुरानी यादें
मुंबई, 25 मार्च (आईएएनएस)। फिल्मी दुनिया में कुछ कलाकार ऐसे होते हैं, जिनका काम हर पीढ़ी के दिलों में जगह बना लेता है। ऐसे कलाकारों की यादें अक्सर खास मौकों पर फिर से ताज़ा हो जाती हैं। इस कड़ी में अभिनेता जैकी श्रॉफ ने हिंदी सिनेमा के दो दिग्गज कलाकारों को खास अंदाज में याद किया। उन्होंने अभिनेत्री नंदा की पुण्यतिथि और फारूख शेख की जयंती के मौके पर पुरानी यादों की एक झलक इंस्टाग्राम पर साझा की।
जैकी श्रॉफ ने अभिनेत्री नंदा की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने अपने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें नंदा की कई पुरानी तस्वीरें शामिल थीं। इस वीडियो के साथ उन्होंने फिल्म 'जब जब फूल खिले' का मशहूर गाना 'ये समा समा है प्यार का' का इस्तेमाल किया। इस पोस्ट के साथ जैकी ने कैप्शन में लिखा, 'नंदा को उनकी पुण्यतिथि पर याद कर रहा हूं।'
बता दें कि नंदा का फिल्मी सफर करीब 30 साल तक चला और इस दौरान उन्होंने कई यादगार फिल्मों में काम किया। नंदा ने 'परिणीता', 'प्रायश्चित', 'कौन कातिल', 'असलियत', 'नया नशा', 'छोटी बहन', 'हम दोनों', 'आहिस्ता आहिस्ता', 'प्रेमरोग', 'मजदूर', 'भाभी' और 'गुमनाम' जैसी फिल्मों से दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई। उनकी आखिरी फिल्म 'मजदूर' थी, जिसमें कई बड़े कलाकार नजर आए थे। साल 2014 में दिल का दौरा पड़ने से उनका निधन हो गया था।
इसके बाद जैकी श्रॉफ ने अभिनेता फारूख शेख को भी उनके जन्मदिन पर याद किया। उन्होंने उनकी एक पुरानी तस्वीर साझा की, जिसमें वह अपने खास अंदाज में नजर आ रहे थे। इस तस्वीर के साथ उन्होंने फिल्म 'बाजार' का गाना 'फिर छिड़ी रात' का इस्तेमाल किया।
फारूक शेख हिंदी सिनेमा के उन कलाकारों में रहे हैं, जिन्होंने अपनी सादगी और शानदार अभिनय से एक अलग पहचान बनाई। फारूख शेख ने अपने करियर की शुरुआत थिएटर से की और 1973 में 'गर्म हवा' से फिल्मों में कदम रखा। उन्होंने सत्यजीत रे, साई परांजपे और ऋषिकेश मुखर्जी जैसे दिग्गजों के साथ काम किया और 'चश्मे बद्दूर', 'बाजार' और 'उमराव जान' जैसी फिल्मों से पहचान बनाई। टीवी और थिएटर में भी वह सक्रिय रहे और अपने सहज अभिनय के लिए जाने गए। 2013 में दुबई में दिल का दौरा पड़ने से उनका निधन हो गया।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   25 March 2026 12:17 PM IST












