नरहरि जिरवाल मामले को लेकर विवाद तेज, शाइना एनसी ने की इस्तीफे की मांग

नरहरि जिरवाल मामले को लेकर विवाद तेज, शाइना एनसी ने की इस्तीफे की मांग
महाराष्ट्र की राजनीति में मंत्री नरहरि जिरवाल को लेकर विवाद तेज हो गया है। एक आपत्तिजनक वीडियो सामने आने के बाद विपक्ष के साथ-साथ सत्ता पक्ष की सहयोगी पार्टी शिवसेना ने भी उनके इस्तीफे की मांग कर दी है।

मुंबई, 26 मार्च (आईएएनएस)। महाराष्ट्र की राजनीति में मंत्री नरहरि जिरवाल को लेकर विवाद तेज हो गया है। एक आपत्तिजनक वीडियो सामने आने के बाद विपक्ष के साथ-साथ सत्ता पक्ष की सहयोगी पार्टी शिवसेना ने भी उनके इस्तीफे की मांग कर दी है।

शिवसेना प्रवक्ता शाइना एनसी ने इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि नरहरि जिरवाल पहले भी गलत कारणों से चर्चा में रहे हैं। इससे पहले उनके कार्यालय से भ्रष्टाचार का मामला सामने आया था और अब यह आपत्तिजनक वीडियो सामने आया है। ऐसे में जब तक जांच पूरी नहीं हो जाती, उन्हें नैतिकता के आधार पर पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।

इसी दौरान शाइना एनसी ने देश में बढ़ती महंगाई और ईंधन की कीमतों पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने आईएएनएस से कहा कि दुनिया में कहीं भी युद्ध होता है तो उसका असर हर देश पर पड़ता है। इस समय पेट्रोल की कीमत करीब 94 रुपए प्रति लीटर है जबकि 14 किलो का एलपीजी सिलेंडर 913 रुपए में मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि सरकार ने घरों में एलपीजी की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक वस्तु अधिनियम लागू किया है। साथ ही, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना (पीएमयूवाई) के लाभार्थियों को 300 रुपए की सब्सिडी भी दी जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार ब्लैक मार्केटिंग को खत्म करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

महिलाओं की सुरक्षा के मुद्दे पर भी उन्होंने गंभीर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि आज कई मामलों को लेकर सवाल उठ रहे हैं, चाहे वह खारत केस हो या किसी अन्य नेता या मंत्री से जुड़ा मामला। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में यह सुनिश्चित करना जरूरी है कि हमारे सांस्कृतिक मूल्य सुरक्षित रहें और जो भी गलत काम करे, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई हो।

अशोक खारत मामले पर बोलते हुए शाइना एनसी ने कहा कि उनका कृत्य निंदनीय है और वह अपराधी हैं। उन्होंने बताया कि सरकार ने इस मामले में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया है। साथ ही, लोगों से अपील की गई है कि अगर उनके पास किसी भी तरह के शोषण से जुड़े वीडियो या जानकारी हो तो सामने आएं, ताकि दोषियों को सख्त सजा दी जा सके। उन्होंने कहा कि समाज में विकृत मानसिकता रखने वालों को उजागर करना बेहद जरूरी है।

वहीं, महिलाओं के सशक्तिकरण पर बोलते हुए शाइना एनसी ने 'नारी शक्ति' को देश का नया इतिहास बताया। उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण बिल के जरिए लंबे समय से 33 प्रतिशत आरक्षण की बात होती रही है, लेकिन अब महिलाओं को केवल प्रतीक के रूप में नहीं देखा जा रहा, बल्कि उन्हें वास्तविक अवसर दिए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि आज महिलाएं निर्णय लेने की प्रक्रिया में शामिल हो रही हैं, चाहे वह सुरक्षा, स्वास्थ्य, शिक्षा या रोजगार का क्षेत्र हो। शाइना एनसी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने हमेशा महिलाओं को आगे बढ़ाने का काम किया है और आज 'लाड़की बहन' को देशभर में अवसर मिल रहे हैं।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   26 March 2026 1:22 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story