हरियाणा नारनौल में नवनिर्मित मेडिकल कॉलेज का प्रधानमंत्री मोदी करेंगे उद्घाटन
महेंद्रगढ़, 17 जुलाई (आईएएनएस)। नारनौल के साथ लगते कोरियावास गांव में बने मेडिकल कॉलेज के उद्घाटन को लेकर जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जींद में शुक्रवार को आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान इस मेडिकल कॉलेज का वर्चुअल उद्घाटन करेंगे। इस मेडिकल कॉलेज पर लगभग 750 करोड़ रुपये की लागत आई है। इस कार्यक्रम की मुख्य अतिथि हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती राव होंगी जबकि इस कार्यक्रम में सांसद चौधरी धर्मवीर सिंह भी शिरकत करेंगे।
नारनौल के साथ लगते कोरियावास गांव में लगभग 80 एकड़ में बने महर्षि चवन मेडिकल कॉलेज और 850 बेड के राव तुलाराम हॉस्पिटल का काम पूरा हो चुका है। मेडिकल कॉलेज में 100 सीटों पर दाखिले हो चुके हैं और अब इस मेडिकल कॉलेज का 17 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअल उद्घाटन करेंगे। इस कार्यक्रम की तैयारी को लेकर जिला प्रशासन ने सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली हैं।
जिला उपायुक्त अनुपमा अंजलि ने बताया कि उद्घाटन कार्यक्रम में 4 से 5 हजार लोग भाग लेंगे। सरकार की विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को इस कार्यक्रम में आमंत्रित किया गया है। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम में विशेष तौर पर सीएनजी बसों की व्यवस्था की गई है। वहीं, ईवी व्हीकल और साइकिलों का भी प्रयोग किया जाएगा। नारनौल कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव होंगी जबकि भिवानी महेंद्रगढ़ लोकसभा क्षेत्र के सांसद चौधरी धर्मवीर सिंह भी इस कार्यक्रम में विशेष तौर पर उपस्थित रहेंगे।
मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के बनने से लोगों में काफी उत्साह देखा जा रहा है। स्थानीय निवासी मोनिका और जिले सिंह का कहना है कि सरकार ने दक्षिणी हरियाणा को यह मेडिकल कॉलेज देकर एक सराहनीय कार्य किया है। अब से पहले इलाज के लिए रोहतक या जयपुर जाना पड़ता था। अनेक मर्तबा एक्सीडेंट केस में लंबी दूरी होने के चलते बीच रास्ते में ही घायल मरीज दम तोड़ देते थे। अब यहां लोगों को डाक्टरी की पढ़ाई के साथ-साथ बेहतर इलाज भी मिल पाएगा। मेडिकल कॉलेज के शुरू होने से लोगों में खुशी का माहौल है और उन्होंने सरकार का आभार जताया है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   17 July 2026 10:32 AM IST












