नवरात्रि के आठवें दिन मां महागौरी की कृपा पाने के लिए इन मंदिरों में करें दर्शन

नवरात्रि के आठवें दिन मां महागौरी की कृपा पाने के लिए इन मंदिरों में करें दर्शन
नवरात्रि के नौ दिन मां जगदम्बा के नौ रूपों की पूजा होती है, और देश के हर देवी मंदिर में रौनक देखने को मिलती है।

नई दिल्ली, 25 मार्च (आईएएनएस)। नवरात्रि के नौ दिन मां जगदम्बा के नौ रूपों की पूजा होती है, और देश के हर देवी मंदिर में रौनक देखने को मिलती है।

नवरात्रि के आठवें दिन मां महागौरी का पूजन होता है, जिन्हें शांति, पवित्रता और ज्ञान का प्रतीक माना जाता है। मां को सफेद रंग अति प्रिय होता है। नवरात्रि के आठवें दिन अगर आप मां की विशेष कृपा पाना चाहते हैं तो मां महागौरी को समर्पित इन तीन मंदिरों में दर्शन के लिए जा सकते हैं।

पंजाब के लुधियाना में मां महागौरी का सिद्धपीठ मंदिर स्थित है, जिसे बहुत प्राचीन और मनोकामना पूर्ति के लिए जाना जाता है। यहां नवरात्रि के आठवें दिन मां महागौरी की विशेष पूजा होती है और मां को सफेद व्यंजन और वस्त्र अर्पित किए जाते हैं। माना जाता है कि इस मंदिर में दर्शन मात्र से ही मन को शांति मिलती है और मन के विकार से भी मुक्ति मिलती है।

बिहार के गयाजी में भी मां महागौरी को समर्पित मंगला गौरी मंदिर स्थापित है। यह मंदिर 51 शक्तिपीठों में से एक है। माना जाता है कि इसी स्थान पर माता सती का वक्षस्थल गिरा था और फिर शक्तिपीठ मंदिर की स्थापना हुई। यह मंदिर 600 साल से भी ज्यादा पुराना है, जहां लगातार मां की अखंड ज्योति जल रही है। मंदिर की खास बात यह है कि आज भी मंदिर में बिजली के उपकरणों का इस्तेमाल नहीं होता है और सूर्य की रोशनी ही मंदिर और गर्भगृह को जगमग करती है। मां मंगला गौरी को भक्तों के कष्ट हरने वाली देवी के रूप में पूजा जाता है और चैत्र नवरात्रि में मंदिर में भक्तों की सबसे ज्यादा भीड़ लगती है।

उत्तर प्रदेश के वाराणसी में भी मां महागौरी को समर्पित दो मंदिर मौजूद हैं। एक मंदिर विश्वनाथ गली में अन्नपूर्णा मंदिर परिसर के पास मिल जाएगा और दूसरा मंदिर भेलूपुर में अस्सी घाट के पास स्थित है। दोनों मंदिरों में चैत्र नवरात्रि के समय सबसे ज्यादा भीड़ देखने को मिलती है। नवरात्रि के आठवें दिन मां महागौरी का विशेष शृंगार किया जाता है। आज के दिन भक्त सफेद वस्त्र मां को भेंट कर मनोकामना पूर्ति की अच्छा प्रकट करते हैं।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   25 March 2026 6:01 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story