नवादा केंद्रीय विद्यालय में नए सत्र के दाखिले का इंतजार खत्म, 13 जुलाई से आवेदन शुरू

नवादा केंद्रीय विद्यालय में नए सत्र के दाखिले का इंतजार खत्म, 13 जुलाई से आवेदन शुरू
बिहार के नवादा जिले के विद्यार्थियों एवं अभिभावकों के लिए एक महत्वपूर्ण खबर सामने आई है। दरअसल, नव स्थापित केंद्रीय विद्यालय, नवादा में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कक्षा 1 से 5 तक नामांकन के लिए ऑफलाइन माध्यम से पंजीकरण प्रक्रिया शुरू होने वाली है।

पटना, 11 जुलाई (आईएएनएस)। बिहार के नवादा जिले के विद्यार्थियों एवं अभिभावकों के लिए एक महत्वपूर्ण खबर सामने आई है। दरअसल, नव स्थापित केंद्रीय विद्यालय, नवादा में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कक्षा 1 से 5 तक नामांकन के लिए ऑफलाइन माध्यम से पंजीकरण प्रक्रिया शुरू होने वाली है।

इसी को लेकर पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-1, गया के प्रिंसिपल अशोक कुमार गुप्ता ने बताया कि केंद्रीय विद्यालय, नवादा के लिए कक्षा एक से लेकर पांच तक (प्रत्येक में एक-एक सेक्शन) में प्रवेश के लिए ऑफलाइन माध्यम से पंजीकरण 13 जुलाई से 27 जुलाई तक प्रत्येक कार्य दिवस में सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि इच्छुक अभिभावक निर्धारित अवधि में विद्यालय कार्यालय से पंजीकरण पत्र प्राप्त कर सकते हैं और पूर्ण रूप से भरे हुए आवेदन पत्र को सभी आवश्यक प्रमाण पत्रों एवं दस्तावेजों के साथ विद्यालय में जमा कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि अभिभावक द्वारा पंजीकरण प्रपत्र पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-1, गया की वेबसाइट से भी प्राप्त किया जा सकता है।

नवादा के केंद्रीय विद्यालय में नामांकन हेतु छात्रों की आयु सीमा 31 मार्च 2026 को आधार मानकर निर्धारित की गई है। इसके अनुसार कक्षा 1 के लिए न्यूनतम आयु 6 वर्ष तथा अधिकतम आयु 8 वर्ष से कम, कक्षा-2 के लिए न्यूनतम आयु 7 और अधिकतम आयु 9 वर्ष से कम, कक्षा 3 के लिए न्यूनतम आयु 8 वर्ष और अधिकतम 10 वर्ष से कम, कक्षा 4 के लिए न्यूनतम आयु 9 वर्ष और अधिकतम आयु 11 वर्ष से कम तथा कक्षा-5 के लिए न्यूनतम आयु 10 वर्ष और अधिकतम आयु 12 वर्ष से कम निर्धारित की गई है।

प्रिंसिपल ने बताया कि सीटों का आरक्षण केंद्रीय विद्यालय संगठन के प्रवेश दिशानिर्देश 2026-27 के अनुरूप किया जाएगा। प्रवेश संबंधी विस्तृत दिशा-निर्देश केंद्रीय विद्यालय संगठन की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध हैं। इसी के साथ उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि आवेदन-पत्र पूरी सावधानी से भरें। यदि आवेदन में कोई गलत अथवा भ्रामक जानकारी पाई जाती है तो प्रवेश प्रक्रिया के किसी भी चरण में आवेदन अथवा प्रवेश निरस्त किया जा सकता है।

इसके अलावा उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल पंजीकरण फॉर्म जमा कर देने मात्र से प्रवेश का अधिकार प्राप्त नहीं होगा। प्रवेश केंद्रीय विद्यालय संगठन के निर्धारित नियमों एवं उपलब्ध सीटों के अनुसार ही किया जाएगा। प्रिंसिपल ने यह भी कहा कि अभिभावक केवल प्राचार्य अथवा प्रवेश प्रभारी द्वारा निर्धारित समय पर बुलाए जाने पर ही विद्यालय आएं, ताकि प्रवेश प्रक्रिया सुव्यवस्थित एवं सुचारू रूप से संपन्न कराई जा सके।

आवेदन के साथ पूर्ण रूप से भरा हुआ पंजीकरण प्रपत्र, सक्षम प्राधिकारी द्वारा निर्गत जन्म प्रमाण-पत्र, सेवा प्रमाण-पत्र (केंद्र/राज्य सरकार के कर्मचारियों के लिए), सत्यापित नवीनतम वेतन पर्ची, स्थानांतरण प्रमाण-पत्र एवं विगत सात वर्षों में स्थानांतरण का विवरण (जहां लागू हो), एससी/एसटी/ओबीसी (एनसीएल)/ईडब्ल्यूएस प्रमाण-पत्र, निवास प्रमाण-पत्र, बच्चे का आधार कार्ड अथवा आधार नामांकन पर्ची, पासपोर्ट आकार का नवीनतम फोटो, रक्त समूह का विवरण तथा दिव्यांग (सीडब्लूएसएन) बच्चों के लिए सक्षम प्राधिकारी द्वारा निर्गत प्रमाण-पत्र संलग्न करना आवश्यक होगा।

वहीं, एडमिशन प्रक्रिया से जुड़ी अधिक जानकारी के लिए अभिभावक विद्यालय कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं तथा केंद्रीय विद्यालय संगठन द्वारा जारी प्रवेश दिशा-निर्देशों का अवलोकन कर सकते हैं।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   11 July 2026 5:53 PM IST

Tags

Next Story