नीट पेपर लीक मामले में जांच के लिए नागपुर पहुंची सीबीआई टीम
नागपुर, 19 मई (आईएएनएस)। नीट पेपर लीक मामले की जांच के लिए मंगलवार को सीबीआई नागपुर पहुंची, जहां दिल्ली और नागपुर की सीबीआई टीमों ने विदर्भ में तीन उम्मीदवारों से पूछताछ की और उनके घरों पर तलाशी ली। इनमें से दो उम्मीदवार नागपुर के हैं, जबकि एक चंद्रपुर जिले का है।
इस जांच को लेकर सीबीआई सूत्रों के अनुसार, अब तक किसी की भी गिरफ्तारी या फिर किसी को हिरासत में नहीं लिया गया है। सीबीआई की टीमों ने परीक्षार्थियों के घर पर सर्च ऑपरेशन भी चलाया।
नीट पेपर लीक मामले में अब तक कुल 10 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। सोमवार को लातूर स्थित एक कोचिंग इंस्टीट्यूट के डायरेक्टर शिवराज मोटेगांवकर को गिरफ्तार किया गया।
सीबीआई ने बताया कि मोटेगांवकर 'आरसीसी कोचिंग इंस्टीट्यूट' के मालिक हैं। यह इंस्टीट्यूट मेडिकल कॉलेजों में दाखिले के लिए होने वाली नीट यूजी परीक्षा की तैयारी करने वाले छात्रों को कोचिंग देता है।
जांच एजेंसी ने बताया कि आरसीसी कोचिंग इंस्टीट्यूट की नौ शाखाएं हैं, जिनमें से इसकी मुख्य शाखा महाराष्ट्र के लातूर में स्थित है।
माना जा रहा है कि मोटेगांवकर केमिस्ट्री के लेक्चरर पीवी कुलकर्णी के करीबी हैं। कुलकर्णी एनटीए से जुड़े हुए हैं और सीबीआई पहले भी उनसे पूछताछ कर चुकी है।
दूसरी ओर, नीट पेपर लीक मामले में विपक्षी दलों की ओर से लगातार केंद्र सरकार पर दबाव बनाया जा रहा है। विपक्ष केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहा है और साथ ही एनटीए को भंग करने की मांग भी तेज है।
इस बीच, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने मंगलवार को नीट (यूजी) री-एग्जाम की तैयारियों की समीक्षा की है। नीट यूजी की यह परीक्षा अब 21 जून को होनी है। पहले यह परीक्षा तीन मई को आयोजित की गई थी, लेकिन पेपर लीक होने के बाद 11 मई को परीक्षा रद्द कर दी गई। फिलहाल, सीबीआई इस पूरे प्रकरण की गहन जांच कर रही है।
शिक्षा मंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि पिछली परीक्षा प्रक्रिया में सामने आई सभी कमियों को पूरी तरह दूर किया जाए। इस बार परीक्षा का आयोजन पूरी तरह सुरक्षित, निर्बाध और त्रुटिरहित तरीके से सुनिश्चित करने का निर्देश भी दिया गया है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   19 May 2026 8:15 PM IST












