'नीट-पीजी 2026' का शेड्यूल जारी, 30 अगस्त को परीक्षा, आवेदन शुरू
नई दिल्ली, 1 जुलाई (आईएएनएस)। 'राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट-पीजी)- 2026' की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों के लिए एक महत्वपूर्ण खबर सामने आई है। आयुर्विज्ञान में राष्ट्रीय परीक्षा बोर्ड (एनबीईएमएस) ने बुधवार को नीट-पीजी 2026 का शेड्यूल अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर एक आधिकारिक अधिसूचना के माध्यम से जारी कर दिया है।
एनबीईएमएस की ओर से जारी शेड्यूल के मुताबिक, नीट-पीजी 2026 देश भर के विभिन्न केंद्रों पर कंप्यूटर-आधारित परीक्षा (सीबीटी) मोड में 30 अगस्त को आयोजित किया जाएगा, जिसके लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया बुधवार की शाम 5 बजे से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 21 जुलाई तय की गई है।
ऐसे में जो उम्मीदवार इस वर्ष नीट-पीजी देने वाले हैं, वे एनबीईएमएस की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर तय अंतिम तिथि के रात 11:55 बजे तक या उससे पहले रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरा कर सकते हैं।
एनबीईएमएस द्वारा नीट-पीजी के उम्मीदवारों को उनके परीक्षा शहर की सूचना 11 अगस्त को आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से दी जाएगी। वहीं, नीट-पीजी का परिणाम 30 सितंबर को घोषित होने की संभावना है।
एनबीईएमएस ने नोटिफिकेशन में यह साफ किया कि नीट-पीजी 2026 के लिए टेस्ट सिटी/टेस्ट सेंटर का आवंटन आवेदन पत्र जल्दी जमा करने से संबंधित नहीं है। किसी खास टेस्ट स्टेट, टेस्ट सिटी या टेस्ट सेंटर के आवंटन के लिए कोई प्राथमिकता का अधिकार नहीं है।
इसी के साथ एनबीईएमएस ने उम्मीदवारों को सलाह दी कि वे आवेदन करने से पहले इसके लिए जारी नोटिफिकेशन को ध्यान से पढ़ें और ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया पूरी करने के लिए आखिरी तारीख का इंतजार न करें। वहीं, आवेदन जमा करने की तय समय-सीमा खत्म होने के बाद, किसी भी तरीके से आवेदन स्वीकार करने के अनुरोध पर एनबीईएमएस द्वारा विचार नहीं किया जाएगा।
अभ्यर्थियों को नीट-पीजी 2026 के लिए पात्रता मानदंड, शुल्क संरचना, परीक्षा योजना और अन्य विवरणों के लिए एनबीईएमएस वेबसाइट पर जारी अधिसूचना को चेक करने की सलाह दी जाती है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   1 July 2026 8:39 PM IST












