नेपाल से संबंध केवल कूटनीतिक नहीं, सभ्यतागत भी हैं, संकट में साथ खड़ा है भारत गुरु प्रकाश

नेपाल से संबंध केवल कूटनीतिक नहीं, सभ्यतागत भी हैं, संकट में साथ खड़ा है भारत गुरु प्रकाश
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गुरु प्रकाश पासवान ने नेपाल के साथ भारत के संबंधों पर कहा कि ये केवल कूटनीतिक नहीं बल्कि सभ्यतागत और सांस्कृतिक भी हैं और संकट की घड़ी में भारत उसके साथ मजबूती से खड़ा है।

पटना, 28 अगस्त (आईएएनएस)। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गुरु प्रकाश पासवान ने नेपाल के साथ भारत के संबंधों पर कहा कि ये केवल कूटनीतिक नहीं बल्कि सभ्यतागत और सांस्कृतिक भी हैं और संकट की घड़ी में भारत उसके साथ मजबूती से खड़ा है।

नेपाल में आई बाढ़ पर भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गुरु प्रकाश पासवान ने इसे बेहद दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण घटना बताया। उन्होंने कहा कि भारत के लोग, भारत सरकार और प्रधानमंत्री मोदी नेपाल के हर व्यक्ति के साथ खड़े हैं। केंद्र सरकार बचाव और जनजीवन सामान्य करने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि विदेश मंत्रालय, प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री अमित शाह स्थिति पर लगातार नजर रख रहे हैं।

उन्होंने बताया कि आपदा की सूचना मिलते ही केंद्र सरकार ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। गृहमंत्री अमित शाह ने उत्तर प्रदेश और बिहार के मुख्यमंत्रियों के साथ आपदा प्रतिक्रिया, राहत और बुनियादी ढांचे से जुड़ी तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि नेपाल से आने वाले संभावित प्रभाव को कम करना सरकार की प्राथमिकता है।

उन्होंने भारत-नेपाल संबंधों का जिक्र करते हुए 2015 के भूकंप को याद किया। गुरु प्रकाश ने कहा कि उस समय भी भारत सबसे पहले नेपाल पहुंचने वाले देशों में शामिल था और 24 घंटे के भीतर राहत पहुंचाने की कोशिश की गई थी। उन्होंने नेपाल के प्रधानमंत्री की यात्रा को स्वागत योग्य बताते हुए कहा कि दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय स्तर पर बातचीत से रिश्ते और मजबूत होंगे। उन्होंने भारत-नेपाल संबंधों को परिवार जैसा बताते हुए कहा कि दोनों देश सुख-दुख और मुश्किल समय में एक-दूसरे के साथ खड़े रहते हैं।

जेन जी को लेकर भाजपा के उपाध्यक्ष राम माधव के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए गुरु प्रकाश ने कहा कि देश में बड़ी संख्या में युवा संगठन सक्रिय हैं। उन्होंने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद को दुनिया का सबसे पुराना और बड़ा छात्र संगठन बताते हुए कहा कि भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है, जबकि भारतीय जनता युवा मोर्चा उसका प्रमुख युवा-आधारित संगठन है। उन्होंने कहा कि युवाओं की भागीदारी लोकतांत्रिक और सामाजिक गतिविधियों में लगातार महत्वपूर्ण बनी हुई है।

राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए गुरु प्रकाश ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता और उनकी टीम मुद्दों पर पर्याप्त तैयारी नहीं करते। एआई, संस्थानों और विश्वविद्यालयों सहित विभिन्न विषयों पर राहुल गांधी की ओर से ऐसे दावे किए जाते हैं, जिन्हें भाजपा गलत और गुमराह करने वाला मानती है। रोजगार और स्टार्टअप के आंकड़ों का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि संगठित क्षेत्र में नौकरियों की संख्या बढ़ी है और 2016 के मुकाबले आज पंजीकृत स्टार्टअप की संख्या भी कई गुना अधिक हो चुकी है।

बिहार सरकार द्वारा शिक्षक अभ्यर्थियों की मांगें स्वीकार किए जाने पर गुरु प्रकाश ने सरकार के फैसले की सराहना की। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सरकार को सभी पक्षों की बात सुननी चाहिए। उनके अनुसार, रिक्त पदों की संख्या पहले करीब 20 हजार थी, जो अब बढ़कर 32 हजार हो गई है और सरकार लगातार इस मुद्दे पर बातचीत कर रही है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   28 Aug 2026 3:11 PM IST

Tags

Next Story