पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद को बच्चों ने बांधी राखी, देशवासियों को दी शुभकामनाएं
नई दिल्ली, 28 अगस्त (आईएएनएस)। रक्षाबंधन के मौके पर शुक्रवार को बच्चों ने पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद को राखी बांधी। इस दौरान वे इन बच्चों को दुलारते और उनसे बातचीत करते हुए भी नजर आए।
राखी बांधने के बाद सभी बच्चों को उपहार भी दिया गया। इस खास मौके पर बच्चों के चेहरे पर खुशी का भाव भी साफ दिख रहा था। इसके बाद पूर्व राष्ट्रपति ने पत्रकारों से बातचीत में देशवासियों को रक्षाबंधन की बधाई दी।
उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन के मौके पर मैं सभी देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं और बधाई देता हूं। यह त्योहार न सिर्फ भाई-बहन के प्रेम का प्रतीक है बल्कि समाज में हमारे विभिन्न लोगों से कैसे संबंध रहते हैं और उसे हम समाज में कैसे फैलाते हैं, उसका भी प्रतिरूप है।
उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन के त्योहार की अपनी एक खास विशेषता है। जहां पर हम भाई-बहन के बीच त्योहार को मनाकर यह संदेश देते हैं कि यह धागा प्रेम का है। यह अटूट धागा है। यह जीवनपर्यंत रहता है। मैं एक बार फिर से भारत के सभी लोगों को रक्षाबंधन की बधाई देता हूं।
इसके अलावा, उन्होंने इस खास पल की तस्वीरें भी अपने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर साझा की। उन्होंने कहा, "आज मेरे आवास पर विभिन्न स्कूलों व संगठनों के विद्यार्थियों और बच्चों के साथ पावन पर्व रक्षाबंधन मनाकर अत्यंत प्रसन्नता हुई। बच्चों के स्नेह और उत्साह ने इस पर्व की खुशियों को और भी विशेष बना दिया। सभी को रक्षाबंधन की हार्दिक शुभकामनाएं।"
वहीं, बच्चों से राखी बंधवाने से पहले भी उन्होंने देशवासियों को रक्षाबंधन के त्योहार की बधाई दी। उन्होंने अपने पोस्ट में कहा, "रक्षाबंधन के पावन पर्व पर सभी देशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाए। यह पर्व हमारे बीच प्रेम, भाईचारे और पारस्परिक सम्मान की भावना को और सुदृढ़ करे तथा हमें ऐसा समाज बनाने की प्रेरणा दे, जहां महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा एवं गरिमा का सदैव सम्मान हो।"
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   28 Aug 2026 3:11 PM IST












