व्यापार: भारत की ऊर्जा कूटनीति वैश्विक तेल बाजार को स्थिर करने में निभा रही बड़ी भूमिका हरदीप पुरी

नई दिल्ली, 18 जुलाई (आईएएनएस)। पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने शुक्रवार को कहा कि भारत की ऊर्जा कूटनीति न केवल देश के भविष्य को सुरक्षित कर रही है, बल्कि वैश्विक ऊर्जा बाजारों को स्थिर करने में भी मदद कर रही है।
केंद्रीय मंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट में बताया कि भारत ने अपने तेल आयात स्रोतों का विस्तार 27 देशों से बढ़ाकर 40 देशों तक कर दिया है और देश की स्मार्ट ऊर्जा कूटनीति ने वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की कीमतों को 130 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंचने से रोकने में मदद की है, जिसमें रूस से खरीद भी शामिल है।
उन्होंने यह भी बताया कि पिछले दशक में भारत ने वैश्विक तेल मांग वृद्धि में 16 प्रतिशत का योगदान दिया है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय ऊर्जा एजेंसी के अनुसार, भारत अगले 20 वर्षों में वैश्विक ऊर्जा मांग वृद्धि में 25 प्रतिशत का योगदान देगा।
पुरी ने कहा कि रूस 9 मिलियन बैरल प्रतिदिन से अधिक के साथ सबसे बड़े कच्चे तेल उत्पादकों में से एक है, जो लगभग 97 मिलियन बैरल की वैश्विक तेल आपूर्ति का लगभग 10 प्रतिशत है।
अगर यह तेल बाजार से गायब हो जाता और आपूर्ति कम हो जाती तो कीमतें 130 डॉलर प्रति बैरल से भी ऊपर निकल जाती।
केंद्रीय मंत्री ने कहा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत वैश्विक ऊर्जा मूल्य स्थिरता में शुद्ध सकारात्मक योगदानकर्ता रहा है, साथ ही हमने ऊर्जा उपलब्धता, सामर्थ्य और स्थिरता की चुनौतियों का सफलतापूर्वक सामना किया है।"
केंद्रीय मंत्री ने कहा किरूसी तेल पर कभी वैश्विक प्रतिबंध नहीं लगे। दुनिया भर के समझदार निर्णयकर्ता वैश्विक तेल आपूर्ति श्रृंखलाओं की वास्तविकताओं से वाकिफ थे और यह भी कि भारत जहां से भी संभव हो, एक निश्चित मूल्य सीमा के तहत रियायती तेल खरीदकर वैश्विक बाजारों की मदद कर रहा था।
पुरी ने गुरुवार को कहा था कि भारत ने वैश्विक बाजार में तेल खरीदने के अपने स्रोतों में विविधता ला दी है, इसलिए सरकार रूस के तेल निर्यात पर अमेरिका की किसी भी कार्रवाई को लेकर अनावश्यक रूप से चिंतित नहीं है।
ऊर्जा वार्ता 2025 में बोलते हुए, केंद्रीय मंत्री ने कहा, "बाजार में प्रचुर मात्रा में तेल उपलब्ध है। ईरान और वेनेज़ुएला पर वर्तमान में प्रतिबंध लगे हुए हैं। लेकिन क्या वे हमेशा के लिए प्रतिबंधों के अधीन रहेंगे? ब्राजील, कनाडा और अन्य कई देश उत्पादन बढ़ा रहे हैं। मैं अभी आपूर्ति को लेकर ज्यादा चिंतित नहीं हूं। हमने अपने स्रोतों में विविधता ला दी है।
केंद्रीय मंत्री का यह बयान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की उस घोषणा के बाद आया है जिसमें उन्होंने कहा था कि रूसी तेल खरीदने वाले देशों पर द्वितीयक प्रतिबंध लगाए जाएंगे।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   18 July 2025 12:39 PM IST