व्यापार: सोने-चांदी की कीमतों में मामूली गिरावट, ट्रंप और पुतिन की बैठक से तय होगा आगे का रुझान

मुंबई, 14 अगस्त (आईएएनएस)। सोने और चांदी में गुरुवार को सीमित दायरे में कारोबार हुआ। सोने की कीमत एक लाख रुपए प्रति 10 ग्राम के ऊपर बनी रही। हालांकि, चांदी का दाम 1.15 लाख रुपए प्रति किलो से नीचे आ गया।
इंडिया बुलियन ज्वेलर्स एसोसिएशन (आईबीजेए) की ओर से शाम को जारी की गई कीमतों के मुताबिक, बीते 24 घंटे में 24 कैरेट सोने का दाम 74 रुपए कम होकर 1,00,023 रुपए प्रति 10 ग्राम हो गया है, जो कि पहले 1,00,097 रुपए प्रति 10 ग्राम पर था।
वहीं, 22 कैरेट सोने की कीमत घटकर 91,621 रुपए प्रति 10 ग्राम हो गई है। 18 कैरेट सोने का दाम कम होकर 75,017 रुपए प्रति 10 ग्राम हो गया है।
जानकारों का कहना है कि 15 अगस्त को अमेरिका-रूस के बीच होने वाली बैठक के नतीजों का निवेशक इंतजार कर रहे हैं। इसके कारण सोने की कीमतें एक सीमित दायरे में है। हालांकि, डॉलर की कमजोरी से इसे सपोर्ट मिल रहा है।
सोने के साथ चांदी की कीमतों में भी गिरावट देखी गई। बीते 24 घंटे में चांदी का दाम 342 रुपए कम होकर 1,14,933 रुपए प्रति किलो हो गया है।
आईबीजेए की ओर दिन में दो बार हाजिर बाजार की सोने और चांदी की कीमतें जारी की जाती है।
एमसीएक्स पर भी सोने और चांदी की कीमतों में मिलाजुला कारोबार हुआ। गोल्ड का 03 अक्टूबर, 2025 का कॉन्ट्रैक्ट 0.04 प्रतिशत बढ़कर 1,00,227 रुपए पर था। वहीं, चांदी का 05 सितंबर, 2025 का कॉन्ट्रैक्ट 0.22 प्रतिशत कम होकर 1,14,772 रुपए पर बंद हुआ।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में कॉमैक्स पर सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट देखी गई। सोने की कीमत 0.12 प्रतिशत घटकर 3,404 डॉलर प्रति औंस और चांदी की कीमत 0.61 प्रतिशत गिरकर 38.36 डॉलर प्रति औंस पर है।
एलकेपी सिक्योरिटीज के जतिन त्रिवेदी ने कहा कि सोना कॉमैक्स पर 3,355 डॉलर प्रति औंस और एमसीएक्स पर 1,00,280 रुपए प्रति 10 ग्राम के साथ एक सीमित दायरे में रहा। रूस-यूक्रेन युद्ध समाप्ति के लिए 15 अगस्त को रूस-अमेरिका में होने वाली चर्चा काफी अहम होगी।
उन्होंने आगे कहा कि डॉलर में कमजोरी सोने को सपोर्ट कर रही है। जब तक सोना 3,280 डॉलर के ऊपर रहता है इसमें तेजी कायम रहेगी। वहीं, घरेलू स्तर पर सोना 99,000 रुपए से लेकर 1,01,500 रुपए प्रति 10 ग्राम की रेंज में रह सकता है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   14 Aug 2025 5:47 PM IST