भारतीय उच्चायोग ने लंदन में गांधी की प्रतिमा से हुई तोड़फोड़ को बताया शर्मनाक, कार्रवाई की मांग

नई दिल्ली, 30 सितंबर (आईएएनएस)। लंदन के टैविस्टॉक स्क्वायर स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा में तोड़फोड़ के बाद भारतीय उच्चायोग ने लंदन हाईकमीशन से इस मामले की जांच की मांग की।
2 अक्टूबर को अंतर्राष्ट्रीय अहिंसा दिवस से पहले ब्रिटेन में सोमवार को यह घटना हुई। भारतीय उच्चायोग ने आक्रोश जताते हुए इसे शर्मनाक कृत्य बताया। इसकी जानकारी स्थानीय अधिकारियों को दी गई, जिसके बाद मामले की जांच शुरू हो गई।
भारतीय उच्चायोग ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, "भारत उच्चायोग लंदन के टैविस्टॉक स्क्वायर स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा के साथ हुई इस शर्मनाक तोड़फोड़ पर गहरा दुख व्यक्त करता है और इसकी कड़ी निंदा करता है। यह सिर्फ तोड़फोड़ नहीं है, बल्कि अंतर्राष्ट्रीय अहिंसा दिवस से तीन दिन पहले अहिंसा के विचार और महात्मा गांधी की विरासत पर एक हिंसक हमला है।"
पोस्ट में आगे कहा गया कि लंदन हाई कमीशन ने तत्काल कार्रवाई के लिए स्थानीय अधिकारियों के साथ इस मुद्दे को गंभीरता से उठाया है। हमारी टीम पहले से ही घटनास्थल पर मौजूद है और प्रतिमा को उसके मूल स्वरूप में पुनर्स्थापित करने के लिए अधिकारियों के साथ समन्वय कर रही है।
संयुक्त राष्ट्र ने गांधी जयंती को अंतर्राष्ट्रीय अहिंसा दिवस के रूप में मनाने का ऐलान किया है। ऐसे में हर साल यहां गांधी जयंती पर महात्मा गांधी की प्रतिमा को पुष्प अर्पित किए जाते हैं।
पुष्प अर्पित करने के अलावा महात्मा गांधी की पसंद के गीत और भजन भी गाए जाते हैं। ऐसे में महात्मा गांधी की प्रतिमा के साथ तोड़फोड़ चिंता का विषय है।
इंडिया लीग की मदद से 1968 में कांस्य की बनी इस प्रतिमा को स्थापित किया गया था। यह प्रतिमा महात्मा गांधी के पुराने दिनों की याद दिलाता है, जब वह लंदन के कॉलेज में पढ़ा करते थे।
-- आईएएनएस
कनक/वीसी
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   30 Sept 2025 11:55 AM IST