लोकसभा चुनाव 2024: सीता सोरेन ने जेएमएम, हेमंत सोरेन, कल्पना पर साधा निशाना, कहा- मेरे पति का अपमान हुआ

सीता सोरेन ने जेएमएम, हेमंत सोरेन, कल्पना पर साधा निशाना, कहा- मेरे पति का अपमान हुआ
दुमका सीट से भाजपा की प्रत्याशी सीता सोरेन ने गुरुवार को रांची में एक संवाददाता सम्मेलन में झारखंड मुक्ति मोर्चा के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनकी पत्नी कल्पना सोरेन पर जमकर प्रहार किया।

रांची, 28 मार्च (आईएएनएस)। दुमका सीट से भाजपा की प्रत्याशी सीता सोरेन ने गुरुवार को रांची में एक संवाददाता सम्मेलन में झारखंड मुक्ति मोर्चा के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनकी पत्नी कल्पना सोरेन पर जमकर प्रहार किया।

उन्होंने अपने दिवंगत पति दुर्गा सोरेन की मौत को रहस्यमय बताते हुए इसकी जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि इसके पीछे साजिश है। लोग जानना चाहते हैं कि आखिर उनकी मौत कैसे हुई? मैंने झारखंड मुक्ति मोर्चा में रहते हुए कई बार यह बात उठाई, लेकिन उस पर कोई ध्यान नहीं दिया गया।

झामुमो प्रमुख शिबू सोरेन की बड़ी बहू सीता सोरेन जामा क्षेत्र से तीन बार विधायक रह चुकी हैं। भाजपा में शामिल होने के बाद आज पहली बार रांची पहुंचने के बाद मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि उनके पति दुर्गा सोरेन ने झारखंड मुक्ति मोर्चा को आगे बढ़ाने में अपनी जिंदगी लगा दी, लेकिन पार्टी ने निधन के बाद भी उन्हें सम्मान नहीं दिया। पति के निधन के बाद मैंने 14 वर्ष झामुमो को दिए लेकिन दुर्गा सोरेन के झारखंड के सपनों को पूरा नहीं कर सकी। मुझे अपने बच्चों को पालने में काफी पीड़ा झेलनी पड़ी। मुझे परिवार से भी अलग-थलग रखा गया। वहां सम्मान नहीं मिलने से मुझे पार्टी से अलग होने का निर्णय लेना पड़ा।

मैंने जामा क्षेत्र में अपने पति दुर्गा सोरेन की प्रतिमा लगाने का आग्रह किया, लेकिन हेमंत सोरेन ने इस पर कोई ध्यान नहीं दिया।

उन्होंने कहा कि दुर्गा सोरेन जब पार्टी में थे, तो पार्टी सिद्धांतों पर चलती थी, लेकिन आज पार्टी में बिचौलियों की संख्या बढ़ गई है। आज वहां सभी लोग भ्रष्टाचार में लिप्त हैं।

सीतो सोरेन ने पूर्व सीएम हेमंत सोरेन की पत्नी और अपनी देवरानी कल्पना सोरेन पर निशाना साधते हुए कहा कि जिस दिन उन्होंने गिरिडीह से अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत की, उस दिन भी उन्होंने शहीद दुर्गा सोरेन का नाम तक नहीं लिया। यह अपमान है।

सीता सोरेन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विशाल परिवार से जुड़कर उन्हें काफी अच्छा लग रहा है। नरेंद्र मोदी ने देश का नाम पूरे विश्व में फैलाया है। मुझे विश्वास है कि पीएम मोदी ही विकसित देश के साथ विकसित झारखंड बनाएंगे। सीता सोरेन ने कहा कि "गुरुजी" शिबू सोरेन से आशीर्वाद लेकर वह दुमका में प्रचार अभियान शुरू करेंगी।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   28 March 2024 2:01 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story