राजनीति: माधवी राजे सिंधिया के निधन पर राजनीतिक जगत में शोक की लहर

माधवी राजे सिंधिया के निधन पर राजनीतिक जगत में शोक की लहर
मध्य प्रदेश के ग्वालियर घराने की प्रतिनिधि और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की माता माधवी राजे सिंधिया के निधन पर राजनीतिक जगत से जुड़े लोगों ने शोक संवेदनाएं व्यक्त की है।

भोपाल, 15 मई (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के ग्वालियर घराने की प्रतिनिधि और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की माता माधवी राजे सिंधिया के निधन पर राजनीतिक जगत से जुड़े लोगों ने शोक संवेदनाएं व्यक्त की है।

माधवी राजे सिंधिया का बुधवार को नई दिल्ली के एम्स में निधन हो गया। वह पिछले कुछ समय से बीमार चल रही थीं। उनकी पार्थिव देह को ग्वालियर लाया जाएगा।

उनके निधन पर शोक व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने एक्स पर लिखा, "भाजपा के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की मां माधवी राजे सिंधिया के निधन का हृदय विदारक समाचार प्राप्त हुआ। मां जीवन का आधार होती हैं, इनका जाना जीवन की अपूरणीय क्षति है। बाबा महाकाल से दिवंगत पुण्य आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान और परिजनों को यह गहन दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना करता हूं।"

राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कमल नाथ ने अपने शोक संदेश में दुख व्यक्त करते हुए पुण्य आत्मा को श्रीचरणों में स्थान देने और परिजनों को यह आघात सहने की शक्ति देने की ईश्वर से कामना की है।

पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपने शोक संदेश में कहा, "भारतीय संस्कृति के श्रेष्ठ संस्कारों से परिपूर्ण राजमाता अत्यंत विनम्र तथा व्यवहार कुशल थीं। आज वह लौकिक जगत से विदा हुई हैं, किंतु उनके स्नेह और आशीष की छांव सदैव परिजनों के साथ रहेगी।"

पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने भी शोक व्यक्त करते हुए कहा, "राजमाता माधवी राजे सिंधिया के दुखद स्वर्गवास का समाचार सुनकर बेहद दुख हुआ। उनके हमारे पारिवारिक रिश्ते रहे हैं। वे अति विनम्र, व्यवहार कुशल व्यक्तित्व की धनी थीं।"

भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा ने माधवी राजे सिंधिया के निधन पर दुख व्यक्त करते हुए कहा, "ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें एवं ज्योतिरादित्य सिंधिया और परिवार को इस वज्रपात को सहने की शक्ति दें।"

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   15 May 2024 8:47 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story