समाज: कालकाजी में छठ पूजा के लिए बनाए गए कृत्रिम घाट, यमुना की दुर्दशा पर लोगों ने जताई चिंता

कालकाजी में छठ पूजा के लिए बनाए गए कृत्रिम घाट, यमुना की दुर्दशा पर लोगों ने जताई चिंता
देश की राजधानी दिल्ली के कालकाजी विधानसभा क्षेत्र के गिरी नगर इलाके में पिछले 25 वर्षों से छठ पूजा का आयोजन हो रहा है। यहां हजारों श्रद्धालु, खासकर बिहार और पूर्वांचल से आने वाले लोग इस पर्व को मनाने के लिए जुटते हैं।

नई दिल्ली, 3 नवंबर (आईएएनएस)। देश की राजधानी दिल्ली के कालकाजी विधानसभा क्षेत्र के गिरी नगर इलाके में पिछले 25 वर्षों से छठ पूजा का आयोजन हो रहा है। यहां हजारों श्रद्धालु, खासकर बिहार और पूर्वांचल से आने वाले लोग इस पर्व को मनाने के लिए जुटते हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि वह अपने गांव नहीं जा पाते, इसलिए दिल्ली में कृत्रिम छठ घाट बनाकर पूजा करते हैं। यमुना नदी में प्रदूषण इतना है कि वहां खड़ा होना तो दूर, उसके किनारे 10 मिनट से ज्यादा ठहरना भी संभव नहीं है। इसलिए लोग अपने इलाके में कृत्रिम घाट बनाकर पूजा करते हैं, यहीं व्रती सूर्य को अर्घ्य देती हैं।

कालकाजी से ही आतिशी विधायक हैं, जिनके हाथों में अब दिल्ली की कमान भी है। यही वजह है कि यहां रहने वाले लोगों ने सीएम आतिशी से गुहार लगाई है। उनसे निवेदन किया है कि वे यमुना नदी की सफाई में सहयोग करें ताकि अगली बार छठ पर्व यमुना के किनारे मनाया जा सके।

पार्षद रह चुके कविंदर सिंह ने रविवार को आईएएनएस से कहा कि दिल्ली सरकार की यमुना नदी के प्रति उदासीनता बेहद शर्मनाक है। यमुना के सुधार के लिए करोड़ों रुपये खर्च किए गए हैं, लेकिन यह सब भ्रष्टाचार में लिपटा हुआ है। वर्तमान में 37 में से केवल 21 सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट काम कर रहे हैं। पिछले 20 वर्षों से गिरी नगर में छठ पूजा का आयोजन होता आ रहा है, जब मैं निगम पार्षद था तब यहां कृत्रिम छठ घाट बनाया था। अब यहां करीब 5 से 6 हजार लोग ही पूजा करने आते हैं।

दिल्ली सरकार की प्रशंसा करते हुए उन्होंने स्वर्गीय शीला दीक्षित का नाम लिया, जिन्होंने दिल्ली में विकास का मार्ग प्रशस्त किया। उन्होंने कहा कि छठ घाट के निर्माण के लिए मदद मिलनी शुरू हुई थी, लेकिन आज भी पर्याप्त सहायता नहीं मिल रही है।

नितेश कौशिक ने कहा कि यह त्यौहार मुख्यतः नदी के किनारे मनाया जाता है, लेकिन जब पानी साफ नहीं होता, तो श्रद्धालुओं को मुश्किल होती है। उन्होंने मुख्यमंत्री आतिशी को उनका वादा याद दिलाया। बोले, उन्होंने यमुना को साफ करने का वादा किया था अब निवेदन है कि उसे पूरा करें।

अरुण कुमार सिंह ने कहा कि छठ पूर्वांचल और बिहार के लोगों के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। यमुना के प्रदूषण के कारण ही वे कृत्रिम घाट का उपयोग कर रहे हैं। उन्होंने सरकार से अनुरोध किया कि यमुना की सफाई की जाए ताकि अगली बार छठ वहीं मनाया जा सके।

राम बदन सिंह ने बताया कि यमुना के प्रदूषण के कारण लोग अब अपने घरों के पास ही पूजा कर रहे हैं। पहले लोग यमुना जाते थे, लेकिन अब प्रदूषण के कारण वहां जाना बंद कर दिया है। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार से थोड़ी बहुत मदद मिलती है, लेकिन अधिकतर काम स्थानीय लोगों आपसी समझ से पूरा होता है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   3 Nov 2024 4:21 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story