मानवीय रुचि: गीता पूरे विश्व के लिए प्रेरणापुंज, घर-घर में होना चाहिए प्रचार-प्रसार जगमोहन आनंद

कुरुक्षेत्र, 11 दिसंबर (आईएएनएस)। हरियाणा स्थित धर्म नगरी कुरुक्षेत्र में हर वर्ष गीता जयंती महोत्सव धूमधाम से मनाया जाता है। बुधवार को शोभा यात्रा में करनाल से भाजपा विधायक जगमोहन आनंद ने भी शिरकत की।
भाजपा विधायक ने कहा, "मैं क्षेत्र के निवासियों, करनाल जिले के निवासियों, सभी प्रदेशवासियों और देश के सभी नागरिकों को गीता जयंती की बहुत-बहुत शुभकामनाएं देता हूं। आज गीता जयंती के अवसर पर शहर में शोभा यात्रा निकाली जा रही है जिसमें हमने भी हिस्सा लिया। गीता का प्रचार और प्रसार घर-घर में किया जा रहा है। इसकी प्रेरणा से हम अपने जीवन को सही दिशा में ले जा सकते हैं। गीता का संदेश है कि हमें कर्म करते रहना चाहिए और फल की इच्छा नहीं करनी चाहिए। गीता पूरे विश्व के लिए प्रेरणापुंज है।"
हरियाणा सरकार की तरफ से 28 नवंबर से लेकर 15 दिसंबर तक गीता जयंती महोत्सव कुरुक्षेत्र में धूमधाम से मनाया जा रहा है। राज्य के अलग-अलग जिलों में भी गीता जयंती महोत्सव मनाया जा रहा है। इस महोत्सव में गीता के उपदेशों के बारे में युवा पीढ़ी को बताया जा रहा है। इसमें देश-विदेश से धर्म नगरी में लोग पहुंचते हैं और भारत की संस्कृति को जानते हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने बीते दिनों पानीपत में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा था, "विश्व को नीति और धर्म का ज्ञान देने वाली महान धरती पर आज के दिन आना और भी सुखद है। इस समय कुरुक्षेत्र में अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव भी चल रहा है। मैं गीता की इस धरती को प्रणाम करता हूं। पानीपत एक प्रकार से नारी शक्ति की प्रतीक भूमि बन गया है। हमारी महिलाएं विकसित भारत का बहुत बड़ा आधार बनेंगी।"
गीता जयंती महोत्सव के तहत 18 दिनों तक विभिन्न गतिविधियों के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इनमें गीता यज्ञ, गीता पाठ, श्रीमद्भागवत कथा, अंतर्राष्ट्रीय गीता सम्मेलन, महा आरती, भजन संध्या, संत सम्मेलन, अखिल भारतीय देव संस्थानम सम्मेलन, दीपोत्सव, गीता दौड़, वैश्विक गीता पाठ, शैक्षणिक प्रतियोगिताएं हरियाणा कला जैसे तमाम कार्यक्रम शामिल हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   11 Dec 2024 6:12 PM IST