राजनीति: संविधान पर चर्चा कराने पर कीर्ति आजाद का भाजपा पर तंज, कहा - 'यह मुंह और मसूर की दाल'

संविधान पर चर्चा कराने पर कीर्ति आजाद का भाजपा पर तंज, कहा - यह मुंह और मसूर की दाल
संसद में शनिवार को संविधान पर दो दिन की चर्चा पूरी हुई। इससे पहले तृणमूल कांग्रेस सांसद कीर्ति आजाद ने कटाक्ष करते हुए कहा कि जो लोग संविधान को नहीं मानते, वे संसद में संविधान पर चर्चा करा रहे हैं।

नई दिल्ली, 14 दिसंबर (आईएएनएस)। संसद में शनिवार को संविधान पर दो दिन की चर्चा पूरी हुई। इससे पहले तृणमूल कांग्रेस सांसद कीर्ति आजाद ने कटाक्ष करते हुए कहा कि जो लोग संविधान को नहीं मानते, वे संसद में संविधान पर चर्चा करा रहे हैं।

कीर्ति आजाद ने कहा, "जो लोग संविधान को मानते नहीं, वे संविधान पर चर्चा करवा रहे हैं। यह हास्यास्पद है। भारतीय जनता पार्टी की मूल संस्था आरएसएस, जिसने संविधान का यह कहते हुए विरोध किया था कि यह संविधान अमेरिका, ब्रिटेन जैसे देशों की नकल है। उन्होंने बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर का अपमान किया है। यह बात उस समय की है, जब संविधान बना था। वे लोग संविधान पर चर्चा करवा रहे हैं, 'यह मुंह और मसूर की दाल'।"

'वन नेशन, वन इलेक्शन' से जुड़े दो विधेयक लोकसभा में सोमवार पेश होने हैं। इस संबंध में तृणमूल कांग्रेस नेता ने कहा, "भारतीय जनता पार्टी के लोग देश के संघीय ढांचे को खत्म कर देंगे। कार्य मंत्रणा समिति में इसकी कोई चर्चा नहीं हुई। ये लोग तानाशाही लाना चाहते हैं। अगर 'वन नेशन, वन इलेक्शन' आने के बाद किसी राज्य में पूर्ण बहुमत की सरकार नहीं बनी तो ये लोग क्या करेंगे। उस राज्य में पांच साल राष्ट्रपति शासन रहेगा क्या? अभी वहां पर छह महीने में फिर से चुनाव हो जाएंगे। यह लागू होने के बाद वहां क्या होगा? लोकसभा में ही देख लीजिए। भारतीय जनता पार्टी की 240 सीटें आईं। अभी पूर्ण बहुमत न होने के बाद भी ये लोग गठबंधन की उसी 'एक्स्ट्रा टू एबी' वाली बैसाखी पर चल रहे हैं जिसका जिक्र प्रधानमंत्री करते थे। उस 'एक्स्ट्रा टू एबी' में एक है 'ए' से आंध्र प्रदेश और दूसरा 'बी' से बिहार। यह सरकार उसी 'टू एबी' पर चल रही है।"

तृणमूल सांसद ने कहा, "हालांकि यह गठबंधन बहुत जल्दी टूटने वाला है। इसके साझीदार बहुत जल्दी टूटने वाले हैं। उसके बाद यह सरकार फिर से बैसाखी पर आ जाएगी। उसके बाद क्या करेंगे यह लोग? पांच साल तक राष्ट्रपति शासन रखेंगे या चुनाव कराएंगे।"

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   14 Dec 2024 9:43 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story