अपराध: नोएडा कर्मचारी बनकर मोबाइल टावर से आरआरयू चोरी करने वाले चार गिरफ्तार

नोएडा, 18 जनवरी (आईएएनएस)। नोएडा के थाना सेक्टर-24 पुलिस ने मोबाइल टावर से आरआरयू चोरी करने वाले गिरोह के चार बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से एक आरआरयू बरामद किया गया है। ये बदमाश मोबाइल कंपनी के कर्मचारी बनकर टावर पर चढ़ते थे और आरआरयू समेत अन्य सामान चोरी कर फरार हो जाते थे।
नोएडा में मोबाइल टावर से आरआरयू चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं। टावर में लगा रिमोट रेडियो यूनिट (आरआरयू) मोबाइल सिग्नल का ट्रांसमिशन करता है। इसके बिना आसपास के एरिया में नेटवर्क की समस्या होती है।
शुक्रवार को सेक्टर-22 स्थित एक मकान की छत पर लगे टावर से आरआरयू चोरी किया गया था। कंपनी ने इसकी शिकायत पुलिस से की थी। इस मामले में पुलिस ने शनिवार को सेक्टर 22 के एफ ब्लॉक स्थित बारात घर के पास से चार लोगों को गिरफ्तार किया। इनकी पहचान सुरजीत सिंह, सन्नी सिंह, जितेंद्र, प्रदीप चौहान के रूप में हुई। इन चारों ने कंपनी के टावर से आरआरयू चोरी किया था। चोरी किए गए आरआरयू को भी बरामद कर लिया गया है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी कंपनी के कर्मचारी बनकर टावर वाले स्थान पर जाते थे और चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। इसके बाद चोरी किए गए आरआरयू को दिल्ली और अन्य स्थानों पर बेच देते थे। पुलिस चारों से पूछताछ कर रही है। गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड भी निकाला जा रहा है।
विशेषज्ञों के मुताबिक आरआरयू मोबाइल टावर में लगने वाला महत्वपूर्ण डिवाइस है। इसके न होने की वजह से सिग्नल में प्रॉब्लम और कॉल नहीं लगने जैसी समस्याएं होती हैं। यह डिवाइस लाखों रुपए का आता है।
पुलिस को लगातार आरआरयू चोरी की सूचनाएं मिलती रहती हैं। पुलिस चोरों को गिरफ्तार भी करती है, लेकिन चोरी का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   18 Jan 2025 5:42 PM IST