अपराध: संभल हिंसा में मारे गए नईम और कैफ का हत्यारोपी वारिस गिरफ्तार

संभल हिंसा में मारे गए नईम और कैफ का हत्यारोपी वारिस गिरफ्तार
उत्तर प्रदेश के संभल में हुई हिंसा में गोली लगने से मारे गए नईम और कैफ के हत्यारोपी वारिस को पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, अवैध असलहा भी बरामद किया गया है।

संभल, 25 जनवरी (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के संभल में हुई हिंसा में गोली लगने से मारे गए नईम और कैफ के हत्यारोपी वारिस को पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, अवैध असलहा भी बरामद किया गया है।

संभल के एडिशनल एसपी श्रीश चंद्र ने पत्रकारों को बताया कि पिछले साल 24 नवंबर को थाना कोतवाली जामा मस्जिद के पास एक हिंसात्मक घटना हुई थी, जिसमें अभी तक 72 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया जा चुका है। शनिवार को एक अभियुक्त वारिस को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार अभियुक्त खग्गू सराय का रहने वाला है। उसने दो लोगों की हत्या की घटना को अंजाम दिया था, जिसमें एक मृतक मोहम्मद कैफ और दूसरा नईम था। अभियुक्त ने शारिक साटा गैंग के उकसाने पर घटना को अंजाम दिया था। अपने साथियों के साथ रहकर घटना में हिंसक योगदान किया था।

उन्होंने बताया कि इस अभियुक्त ने पुलिस पार्टी पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में जब पुलिस पार्टी ने आंसू गैस के गोले छोड़े तो अफरा-तफरी के बीच वारिस ने फायरिंग की थी। फायरिंग में दो लोगों की जान चली गई थी। गिरफ्तार अभियुक्त के पास एक तमंचा बरामद किया गया है। अग्रिम विधिक कार्यवाही जारी है।

उन्होंने बताया कि अभियुक्त वारिस शारिक साटा गैंग का सक्रिय सदस्य है। अभियुक्त को घटना में प्रयुक्त हथियार भी गैंग ने मुहैया कराया था। जांच में पता चला है कि वारिस के पूर्व में गिरफ्तार अभियुक्त अफरोज से भी संबंध रहे हैं। पुलिस अभियुक्त के आपराधिक इतिहास को खंगालने में जुटी है।

बता दें कि संभल में 24 नवंबर को जामा मस्जिद में चल रहे सर्वे के दौरान हजारों की संख्या में इकट्ठा हुए लोगों ने पुलिस पर पथराव किया था। इस दौरान फायरिंग भी की गई थी, जिसमें चार लोगों की जान चली गई थी। वहीं, आक्रोशित भीड़ ने कई गाड़ियों में आग लगा दी थी।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   25 Jan 2025 9:14 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story