राष्ट्रीय: मैं पद्म श्री सम्मान पाकर खुश हूं तुषार शुक्ला

अहमदाबाद, 26 जनवरी (आईएएनएस)। साहित्यकार तुषार शुक्ला को इस साल पद्म श्री पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर हुई पद्म पुरस्कारों की घोषणा में उनका नाम भी शामिल है। तुषार शुक्ला ने पद्म श्री से सम्मानित किए जाने पर केंद्र सरकार का आभार जताया है।
साहित्यकार तुषार शुक्ला ने कहा कि मैं उन सभी लोगों को आभार प्रकट करता हूं, जिन्होंने मुझे बधाई संदेश भेजे हैं। मेरे लिखे गए शब्द पीढ़ियों के फासलों को कम करने के लिए काम आए हैं और यह सम्मान उसी की वजह से मुझे मिला है। मैं इस सम्मान को खुशी के साथ स्वीकार करता हूं।
बता दें कि तुषार शुक्ला की गिनती गुजरात के मशहूर साहित्यकारों में होती है। वह लेखक और कवि हैं। तुषार शुक्ला ने साल 2023 में समुद्री चुक्रवात बिपरजॉय से लड़ने के बाद गुजरात सरकार के प्रयासों का उल्लेख करते हुए एक कविता भी लिखी थी, जिसके बाद पीएम मोदी ने उनकी कविता की तारीफ की थी।
गुजरात की आठ हस्तियों को इस बार पद्म सम्मान मिला है। इसमें मशहूर कथक डांसर और कोरियोग्राफर कुमुदनी लाखिया और राम मंदिर के शिल्पी चंद्रकांत सोमपुरा, पंकज पटेल, चंद्रकांत शेठ, परमार लवजीभाई नागजीभाई, सुरेश हरीलाल सोनी और रतन कुमार परिमू के नाम शामिल हैं।
गृह मंत्रालय ने शनिवार को इस साल के पद्म पुरस्कारों की घोषणा की है। बिहार की जानी मानी दिवगंत लोक गायिका शारदा सिन्हा और जापान के व्यवसायी ओसामु सुजुकी समेत तीन को मरणोपरांत पद्म विभूषण सम्मान से नवाजा जाएगा। वहीं देश के पहले सिख सीजेआई जगदीश सिंह खेहर भी पद्म विभूषण पाने वाले सात शख्सियतों में शामिल हैं।
इसके अलावा 19 शख्सियतों को (चार मरणोपरांत) पद्म भूषण और 113 लोगों को (छह मरणोपरांत) पद्म श्री पुरस्कार देने की घोषणा की गई है। पद्म भूषण पाने वालों में प्रसार भारती के पूर्व चेयरमैन ए. सूर्य प्रकाश, प्रधानमंत्री के आर्थिक सलाहकार रहे विवेक देबरॉय (मरणोपरांत), जाने माने गायक पंकज उधास (मरणोपरांत), फिल्म निर्माता शेखर कपूर, बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी (मरणोपरांत) प्रमुख नाम हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   26 Jan 2025 10:31 PM IST