राजनीति: दिल्ली में जो काम अरविंद केजरीवाल नहीं कर पाए, अब वे होंगे पूरे महंत रविंद्र पुरी

वाराणसी, 20 फरवरी (आईएएनएस)। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत रविंद्र पुरी ने दिल्ली की मुख्यमंत्री बनने पर रेखा गुप्ता को बधाई दी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जो काम अरविंद केजरीवाल नहीं कर पाए, अब वे काम दिल्ली में होंगे।
महंत रविंद्र पुरी ने आईएएनएस से कहा, "मैं रेखा गुप्ता को दिल्ली की मुख्यमंत्री बनने पर बधाई देता हूं। जैसा उनका नाम है, वैसे ही उनमें गुण भी होंगे। सबसे अहम बात यह है कि पीएम मोदी ने खुद उन्हें दिल्ली के सीएम के लिए चुना है। मैं उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए आशीर्वाद देता हूं।"
महंत रविंद्र पुरी ने कहा, "वह दिल्ली की चौथी महिला मुख्यमंत्री हैं। मुझे लगता है कि उनके आने के बाद यमुना सफाई का काम जोरों पर शुरू होगा और जो भी कमियां हैं, शायद वे दिखाई न दें। हम चाहेंगे कि अरविंद केजरीवाल से जो काम पूरे नहीं हो पाए हैं, वे सब पूरे हो जाएंगे।"
बता दें कि दिल्ली के रामलीला मैदान में उपराज्यपाल वी.के. सक्सेना ने गुरुवार को रेखा गुप्ता को मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत एनडीए शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री भी मंच पर मौजूद रहे।
इसके अलावा, रेखा गुप्ता के अलावा छह विधायकों ने भी मंत्री पद की शपथ ली। इन मंत्रियों में प्रवेश वर्मा, आशीष सूद, मनजिंदर सिंह सिरसा, रविंदर इंद्राज सिंह, कपिल मिश्रा और पंकज कुमार सिंह शामिल हैं।
भारतीय जनता पार्टी 27 साल बाद दिल्ली की सत्ता में वापस आई है। सुषमा स्वराज, शीला दीक्षित और आतिशी के बाद रेखा गुप्ता दिल्ली की चौथी महिला मुख्यमंत्री बनी हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   20 Feb 2025 7:26 PM IST