पर्यावरण: झारखंड में होली के पहले मौसम के तेवर तल्ख, कई शहरों में हीट वेव का येलो अलर्ट

झारखंड में होली के पहले मौसम के तेवर तल्ख, कई शहरों में हीट वेव का येलो अलर्ट
झारखंड में होली के पहले मौसम के तेवर तल्ख हो गए हैं। मौसम विभाग ने अगले चार दिन तक राज्य के कई इलाकों में हीट वेव का येलो अलर्ट जारी किया है। पलामू, गढ़वा, धनबाद और बोकारो जैसे शहरों का अधिकतम तापमान इस दौरान 40 से 42 डिग्री तक जा सकता है।

रांची, 13 मार्च (आईएएनएस)। झारखंड में होली के पहले मौसम के तेवर तल्ख हो गए हैं। मौसम विभाग ने अगले चार दिन तक राज्य के कई इलाकों में हीट वेव का येलो अलर्ट जारी किया है। पलामू, गढ़वा, धनबाद और बोकारो जैसे शहरों का अधिकतम तापमान इस दौरान 40 से 42 डिग्री तक जा सकता है।

राज्य के पलामू में गुरुवार को सबसे ज्यादा 39.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जो सामान्य से छह डिग्री ज्यादा है। यहां न्यूनतम तापमान 18.3 डिग्री रिकॉर्ड किया गया है, जो सामान्य से 1.8 डिग्री सेल्सियस ज्यादा है।

रांची स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, अगले तीन दिनों में झारखंड के ज्यादातर इलाकों में अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की वृद्धि की संभावना है। इसके बाद तीन दिन तक इसमें किसी बड़े बदलाव के आसार नहीं हैं।

विभाग ने लोगों को हीट वेव से बचाव के लिए एहतियाती उपाय करने की सलाह दी है। विभाग की ओर से जारी सूचना में बताया गया है कि 14 मार्च से 17 मार्च तक राज्य के दक्षिण-पूर्वी और उत्तर-पश्चिमी हिस्से में कहीं-कहीं लू चलने की संभावना है। दक्षिण-पूर्वी भागों में पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां और उत्तर-पश्चिमी हिस्से के गढ़वा और पलामू में उष्ण लहर चलने की संभावना है। इन इलाकों में लोगों को दोपहर 12 से तीन बजे तक बाहर निकलने से बचने और पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की सलाह दी गई है।

रांची, बोकारो, जमशेदपुर, धनबाद सहित ज्यादातर शहरों में गुरुवार को तापमान में वृद्धि देखी गई। रांची का उच्चतम तापमान 34.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.2 डिग्री अधिक है। बोकारो का अधिकतम तापमान सामान्य से 5.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान सामान्य से 4.2 डिग्री ज्यादा रहा। इसी तरह जमशेदपुर का उच्चतम तापमान भी सामान्य से पांच डिग्री ज्यादा रहा। रांची का अधिकतम तापमान 14 मार्च को होली के दिन 36 डिग्री सेल्सियस और 15 तथा 16 मार्च को 37 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   13 March 2025 6:57 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story