राजनीति: अवैध तरीके से विदेश भेजने वालों के खिलाफ हरियाणा सरकार लाएगी कानून कृष्ण कुमार बेदी

अवैध तरीके से विदेश भेजने वालों के खिलाफ हरियाणा सरकार लाएगी कानून  कृष्ण कुमार बेदी
हरियाणा सरकार के सामाजिक न्याय, सशक्तीकरण, अनुसूचित जाति और पिछड़ा वर्ग कल्याण तथा अंत्योदय मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने पानीपत जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक में हिस्सा लिया।

पानीपत, 24 मार्च (आईएएनएस)। हरियाणा सरकार के सामाजिक न्याय, सशक्तीकरण, अनुसूचित जाति और पिछड़ा वर्ग कल्याण तथा अंत्योदय मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने पानीपत जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक में हिस्सा लिया।

इस बैठक में कुल 13 शिकायतें प्रस्तुत की गईं, जिनमें से 6 का निपटान कर दिया गया, 1 में एसआईटी गठित की गई, 2 शिकायतों में मुकदमा दर्ज किया गया और 5 शिकायतों में अग्रिम कार्रवाई के आदेश दिए गए।

मीडिया से बातचीत करते हुए कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि प्रदेश की जनता की समस्याओं का समाधान करना सरकार की जिम्मेदारी है। कष्ट निवारण समिति की बैठक में लोग न्याय की उम्मीद के साथ आते हैं। जनता की समस्याओं का समाधान करना हमारी जिम्मेदारी है। किसी व्यक्ति को परेशान नहीं होने दिया जाएगा। सभी की समस्याओं का समाधान होगा।

कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने आगे कहा कि प्रदेश में अवैध तरीके से विदेश भेजने वालों के खिलाफ राज्य सरकार जल्द ही कानून लेकर आएगी। मंत्री ने बताया कि इस कानून को एक या दो दिन में विधानसभा में पेश किया जाएगा और इसके बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी, जिससे पीड़ितों को न्याय मिल सके।

बेदी ने कहा कि विदेश भेजने वाले कई एजेंटों द्वारा ठगी के मामले सामने आ रहे हैं। इस मुद्दे को गंभीरता से लिया जा रहा है। इस नए कानून के माध्यम से अवैध तरीके से विदेश भेजने वालों के खिलाफ कड़ी सजा का प्रावधान होगा, ताकि पीड़ितों को न्याय मिल सके और इस प्रकार की ठगी पर रोक लग सके।

प्रदेश में बढ़ते अपराधों पर बोलते हुए मंत्री ने कहा कि सरकार शिक्षा, चिकित्सा और सुरक्षा पर लगातार काम कर रही है। हरियाणा पुलिस हर कार्य में तत्पर है और राज्य की पुलिस मॉडर्न थाने और सिस्टम से लैस है, जिससे हरियाणा को एक क्राइम फ्री राज्य बनाने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने प्रदेश में अश्लील गानों पर सख्त कार्रवाई की बात की और कहा कि इस संबंध में जो भी मामले आएंगे, उनके खिलाफ सरकार सख्त कदम उठाएगी।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   24 March 2025 8:14 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story