राजनीति: हरियाणा परशुराम जयंती को लेकर सोनीपत में हुई बैठक, कैबिनेट मंत्री अरविंद शर्मा रहे मौजूद

हरियाणा  परशुराम जयंती को लेकर सोनीपत में हुई बैठक, कैबिनेट मंत्री अरविंद शर्मा रहे मौजूद
हरियाणा के कैबिनेट मंत्री अरविंद शर्मा शनिवार को सोनीपत पहुंचे। उन्होंने 30 मई को आयोजित की जाने वाली परशुराम जयंती की जानकारी देते हुए कहा कि सरकार सभी महापुरुषों की जयंती मनाती रही है। इस बार की परशुराम जयंती सेना के जवानों को समर्पित होगी।

सोनीपत, 24 मई (आईएएनएस)। हरियाणा के कैबिनेट मंत्री अरविंद शर्मा शनिवार को सोनीपत पहुंचे। उन्होंने 30 मई को आयोजित की जाने वाली परशुराम जयंती की जानकारी देते हुए कहा कि सरकार सभी महापुरुषों की जयंती मनाती रही है। इस बार की परशुराम जयंती सेना के जवानों को समर्पित होगी।

अरविंद शर्मा ने बताया कि परशुराम जयंती कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बडोली करेंगे और मुख्य अतिथि प्रदेश के मुख्यमंत्री होंगे।

उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने सभी महापुरुषों की जयंती मनाने का निर्णय लिया था और आने वाले 30 मई को रोहतक में भगवान परशुराम जयंती मनाई जाएगी। उन्होंने कहा कि इस बार 'ऑपरेशन सिंदूर' की सफलता से यह जयंती और भी महत्वपूर्ण हो गई है, पूरा देश सैनिकों को सम्मान दे रहा है और तिरंगा यात्राएं निकाली जा रही हैं। उन्होंने कहा कि यह जयंती देश के जवानों को समर्पित है।

वहीं, मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने पंजाब में नागल बांध पर पैरामिलिट्री फोर्स की तैनाती किए जाने पर कहा कि पानी पर सभी का हक होता है, पंजाब सरकार का हक जताना गलत है।

उल्लेखनीय है कि पंजाब और हरियाणा के बीच पानी को लेकर पिछले कुछ महीनों से छिड़े विवाद के बाद केंद्र ने नागल बांध को सुरक्षा देने के लिए सीआईएसएफ कर्मचारियों की एक टुकड़ी को मंजूरी दे दी है।

'ऑपरेशन सिंदूर' पर विपक्ष के सवाल उठाने पर उन्होंने कहा कि 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमलों का भारतीय सेना ने बड़ी वीरता के साथ जवाब दिया और पाकिस्तान तथा पीओके के नौ आतंकवादी ठिकानों को तबाह कर दिया। इस पर विपक्ष का सवाल उठाना गलत है। पूरे देश की जनता आज देश के सम्मान और सैनिकों के सम्मान में तिरंगा यात्राएं निकाल रही है।

एक अन्य सवाल पर कि प्रदेश की सरकार दिल्ली से चल रही है, उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी कैबिनेट की बैठक के बाद ही सभी फैसले लेते हैं। ऐसा कुछ नहीं है जो विपक्ष कह रहा है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   24 May 2025 5:37 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story