राजनीति: 'रिपब्लिक ऑफ कलबुर्गी' बनाना चाहते हैं प्रियांक खड़गे सीटी रवि

कलबुर्गी, 24 मई (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी के एमएलसी सी.टी. रवि ने शनिवार को कर्नाटक के कैबिनेट मंत्री एवं कांग्रेस के दिग्गज नेता प्रियांक खड़गे पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रियांक 'रिपब्लिक ऑफ कलबुर्गी' बनाना चाहते हैं।
भाजपा प्रियांक खड़गे पर व्यक्तिगत राजनीति के लिए अपने आधिकारिक पद का दुरुपयोग करने और कलबुर्गी में अवैध गतिविधियों को बढ़ावा देने के आरोप लगा रही है। खासकर विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष चलवाड़ी नारायणस्वामी को निशाना बनाने का आरोप लगाया गया है। भाजपा का आरोप है कि प्रियांक खड़गे ने चित्तपुर में एक शांतिपूर्ण सत्याग्रह के दौरान नारायण स्वामी सहित भाजपा नेताओं को जानबूझकर परेशान करवाया। साथ ही कांग्रेस समर्थकों ने उन पर हमला करने का प्रयास भी किया। इसके तहत शनिवार को कलबुर्गी में भाजपा नेताओं ने प्रदर्शन भी किया और राज्य सरकार से प्रियांक खड़गे को कैबिनेट से हटाने की मांग की।
विधान परिषद सदस्य सी.टी. रवि ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से कहा, "लोकतंत्र में तानाशाही और गुंडागर्दी नहीं चलेगी। प्रियांक खड़गे 'रिपब्लिक ऑफ कलबुर्गी' बनाना चाहते हैं, जो नहीं होगा। वह विपक्षी पार्टी के नेताओं पर हमला करने की कोशिश करते हैं, लोकतंत्र ऐसा नहीं होता है। उनके पिता मल्लिकार्जुन खड़गे ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष हैं, लेकिन पार्टी के अंदर उन्हें कोई पूछने वाला नहीं है। प्रियांक खड़गे की मानसिकता है कि वह निजाम के बेटे हैं, लेकिन वह यहां पर निजाम के बेटे नहीं हैं और यहां पर निजाम की सत्ता भी नहीं है। यहां पर लोकतंत्र है। निजाम के बेटे की तरह उन्हें कार्रवाई नहीं करनी चाहिए, लोकतंत्र में यह संभव नहीं है।"
मंत्री जी. परमेश्वर से जुड़े ठिकानों पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की ओर से की गई छापेमारी पर सी.टी. रवि ने कहा कि जांच के बाद दूध का दूध और पानी का पानी होगा। कांग्रेस पार्टी में भ्रष्ट लोग भरे हैं। कांग्रेस और भ्रष्टाचार एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। दोनों हमेशा साथ रहते हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   24 May 2025 6:55 PM IST