राजनीति: 'राहुल गांधी प्रधानमंत्री बनेंगे', ऐसा नहीं कहा तो पार्टी से निकाला लक्ष्मण सिंह

राहुल गांधी प्रधानमंत्री बनेंगे, ऐसा नहीं कहा तो पार्टी से निकाला  लक्ष्मण सिंह
मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के भाई और पूर्व सांसद लक्ष्मण सिंह को कांग्रेस ने छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया है। अपने निष्कासन के बाद उन्होंने कांग्रेस पर कई आरोप लगाए हैं।

गुना, 12 जून (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के भाई और पूर्व सांसद लक्ष्मण सिंह को कांग्रेस ने छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया है। अपने निष्कासन के बाद उन्होंने कांग्रेस पर कई आरोप लगाए हैं।

गुना के एक निजी होटल में गुरुवार को पत्रकार वार्ता में लक्ष्मण सिंह ने कांग्रेस से अपने निष्कासन पर चुप्पी तोड़ी। पूर्व सांसद ने कहा, "कांग्रेस की तरफ से मुझे कहा गया था कि लिखकर दो कि राहुल गांधी प्रधानमंत्री बनेंगे। मेरे ऐसा नहीं करने पर मुझे निष्कासित कर दिया गया। कांग्रेस में वही रह सकता है, जो कहे कि राहुल गांधी प्रधानमंत्री बनेंगे। मैं ऐसा नहीं कर सकता।"

लक्ष्मण सिंह ने कहा, "कश्मीर में आतंकवाद के लिए अब्दुल्ला परिवार जिम्मेदार है, लेकिन आतंकवादी घटनाओं के समय कांग्रेस के बयान राष्ट्रविरोधी लगते हैं। मैंने पहलगाम हमले के बाद कांग्रेस के कई शीर्ष नेताओं के बयानों और कार्यशैली पर सवाल उठाए थे। संसद में सिर्फ सेना के बजट पर चर्चा हो सकती है, न कि रणनीति पर। कांग्रेस नेताओं द्वारा सेना पर सवाल उठाया जाना राष्ट्रविरोधी कृत्य है।”

उन्होंने कहा कि मल्लिकार्जुन खड़गे किस तरह राष्ट्रीय अध्यक्ष बने और कांग्रेस पार्टी को कौन चला रहा है, यह किसी से छुपा नहीं है।

अपने राजनीतिक भविष्य पर लक्ष्मण सिंह ने कहा, “वह फिलहाल किसी पार्टी में शामिल नहीं होंगे। प्रदेश में घूमकर अपने कार्यकर्ताओं से चर्चा करेंगे। नई पार्टी के गठन पर भी गंभीर विचार चल रहा है, जिसमें निर्णय कार्यकर्ताओं से मिलकर लिया जाएगा। हाईकमान जैसी कोई व्यवस्था नहीं होगी। कांग्रेस में अब कार्यकर्ताओं की नहीं सुनी जाती।”

लक्ष्मण सिंह ने अपने हालिया बयानों पर भाजपा की प्रशंसा के लिए आभार जताया। साथ ही प्रदेश की सरकार पर सवाल भी उठाए। उन्होंने कहा, “भाजपा 20 साल से मध्य प्रदेश की सत्ता पर काबिज है। अब बदलाव का वक्त है। मध्य प्रदेश में ब्यूरोक्रेसी बेलगाम हो गई है और अगर वे सिर्फ दो घंटे किसी तहसील में बैठ जाएं, तो उन्हें जमीनी सच्चाई पता चल जाएगी। राज्य में ड्रग्स का प्रकोप बढ़ गया है। इस वजह से अपराध बढ़ रहे हैं। इंदौर की हालिया घटनाओं के पीछे ड्रग्स की भूमिका है और थानों के पीछे ही नशे का कारोबार चल रहा है। यदि इसे रोका नहीं गया तो समाज और युवाओं का भविष्य खतरे में पड़ जाएगा।”

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   13 Jun 2025 12:01 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story