समाज: 'जनसेवा सदन' का शुभारंभ दिल्ली में रेखा गुप्ता ने जनता के लिए खोले मुख्यमंत्री आवास के दरवाजे

नई दिल्ली, 4 जुलाई (आईएएनएस)। पारदर्शिता और जन-केंद्रित शासन की दिशा में कदम बढ़ाते हुए दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अपने घर के दरवाजे जनता के लिए खोल दिए हैं। रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवास पर 'जनसेवा सदन' का उद्घाटन किया। यहां सीएम रेखा गुप्ता जनता से मिलेंगी और अधिकारियों के साथ उनकी समस्याएं सुनेंगी।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने राज निवास मार्ग स्थित दिल्ली मुख्यमंत्री आवास पर 'जनसेवा सदन' के उद्घाटन के लिए हवन-पूजन किया। इस दौरान कैबिनेट मंत्री मौजूद रहे। हवन-पूजन के बाद रेखा गुप्ता ने 'मुख्यमंत्री जनसेवा सदन' का उद्घाटन किया।
मंत्री कपिल मिश्रा ने न्यूज एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में कहा, "जनसेवा सदन को जनता को समर्पित किया जा रहा है। यहां जनता की शिकायतों को सुना जाएगा। मुख्यमंत्री के अलावा अधिकारी मौजूद रहेंगे। 'सेवा सदन' जनता के लिए खुला रहेगा।"
इस दौरान कपिल मिश्रा ने पिछली सरकार की आलोचना की। उन्होंने कहा, "मैं सबको खुली चुनौती देता हूं कि पिछले 11 सालों में मुख्यमंत्री के घर या दफ्तर के अंदर कभी कैमरा आने दिया गया हो, मुझे दिखाओ। क्या केजरीवाल ने कभी कैमरे आने दिए? क्या किसी ने देखा है? कैमरे कभी नहीं आने दिए। यहां तक कि उनके विधायक भी अंदर नहीं जा सकते थे। जनता को कभी अंदर नहीं आने दिया जाता था।"
मंत्री ने कहा, "जनसेवा सदन में पहली बार किसी मुख्यमंत्री के आवास में मीडिया पहुंची है। यहां देख सकते हैं कि जितने में अरविंद केजरीवाल सरकार ने एक पर्दा लगाया था, उतने पैसे में यहां पूरा 'सेवा सदन' बनकर तैयार है। उन्होंने एक-एक करोड़ रुपए के पर्दे शीशमहल में लगाए थे।"
इस मौके पर मंत्री प्रवेश वर्मा ने कहा, "जनसेवा सदन एक ऐसी मुख्यमंत्री की पहल है जो दिल्ली ने पहले नहीं देखी। जो जनता से मिलती हैं, उनकी समस्याएं सुनती हैं और समाधान के लिए काम करती हैं। पहले जो 'शीशमहल' 100 करोड़ रुपए से अधिक की लागत से बना था, उसके विपरीत यह कार्यालय सच्चे जनसेवा और कल्याण की भावना से बनाया गया है।"
मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने भी इस कदम की सराहना की। उन्होंने कहा, "जन सेवा सदन लोगों की सेवा के लिए समर्पित है। हमारी मुख्यमंत्री हैं जो सादगी से रहती हैं, उनका आधिकारिक आवास जनता के लिए खोल दिया गया है। कोई भी, यहां तक कि सरकारी अधिकारी भी उनसे मिल सकते हैं।"
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   4 July 2025 3:51 PM IST