राजनीति: केजरीवाल को झूठ बोलने के लिए पुरस्कार मिलना चाहिए दयाशंकर सिंह

बलिया, 9 जुलाई (आईएएनएस)। दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के नोबेल पुरस्कार से जुड़े बयान पर सियासी हंगामा जारी है। इस पर उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्रियों ने तीखी प्रतिक्रिया दी है।
यूपी के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें नोबेल पुरस्कार जरूर मिलना चाहिए, लेकिन 'दुनिया में सबसे ज्यादा झूठ बोलने' के लिए। उनसे ज्यादा झूठा इंसान दुनिया में नहीं है। केजरीवाल की ओर से बोले गए झूठ की फेहरिस्त इतनी लंबी है कि दुनिया में शायद ही कोई और राजनेता इतना झूठ बोला हो।
दयाशंकर सिंह ने केजरीवाल के पुराने बयानों का जिक्र करते हुए कहा, "उन्होंने राजनीति में आने से पहले कहा था कि वे राजनीति में शुचिता लाएंगे और राजनीति में नहीं आएंगे, लेकिन वे राजनीति में आए। उन्होंने कहा कि पार्टी नहीं बनाएंगे, मगर पार्टी बनाई। कोई पद नहीं लेंगे, लेकिन पद लिया। गाड़ी और सुरक्षा नहीं लेंगे, लेकिन दोनों का उपयोग किया। इतना ही नहीं, उन्होंने अपना घर महल जैसा बना लिया। अपने बच्चों की कसम तक खा लेने वाले इस व्यक्ति को झूठ बोलने का नोबेल पुरस्कार मिलना चाहिए।"
वहीं, यूपी सरकार के मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने भी अरविंद केजरीवाल के बयान पर तंज कसा। ओपी राजभर ने कहा, "जनता ने केजरीवाल को पहले ही नोबेल पुरस्कार के बराबर का पुरस्कार दे दिया है। अब उन्हें किसी और पुरस्कार की जरूरत नहीं है। जनता का विश्वास ही सबसे बड़ा पुरस्कार होता है, जो केजरीवाल को पहले ही मिल चुका है।"
मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने आगे कहा कि आज पूरे देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार की ओर से 'एक पेड़ मां के नाम' लगाने का आह्वान किया गया था। हमारे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशों के बाद, सभी मंत्रियों को विभिन्न जिलों में विधायकों के साथ पौधरोपण अभियान में शामिल होने के लिए भेजा गया है। इस अभियान के तहत पूरे प्रदेश में बड़े पैमाने पर पौधरोपण किया जा रहा है, ताकि पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा दिया जा सके।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   9 July 2025 6:16 PM IST