राजनीति: महाराष्ट्र में सत्ता पक्ष की दादागिरी जारी, असहमति की आवाज के लिए कोई जगह नहीं मनीष दुबे
मुंबई, 9 जुलाई (आईएएनएस)। महाराष्ट्र में शिवसेना विधायक संजय गायकवाड़ के मामले पर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार गुट) के प्रवक्ता मनीष दुबे ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने मौजूदा सरकार पर दादागिरी का आरोप लगाया है।
उन्होंने आईएएनएस से बात करते हुए कहा कि महाराष्ट्र में सत्ता पक्ष की दादागिरी चालू है। किसी से असहमति होने पर मारपीट करना कहां तक सही है? न्याय की प्रक्रिया का पालन होना चाहिए। गायकवाड ने कानून से ऊपर खुद को समझ लिया है। यह कृत्य निंदनीय है और इसके लिए उन्हें सख्त सजा मिलनी चाहिए। पुलिस को कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए, चाहे वह कोई भी हो।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी को भ्रष्टाचार का पूरा अनुभव है। भाजपा ने टूजी, कोयला और कई घोटालों पर आवाज उठाई, विरोध किया, लेकिन बाद में उन्हीं आरोपियों को अपने साथ मिला लिया। अब पूरा देश जान चुका है कि भाजपा की "वॉशिंग मशीन" कैसे काम करती है, जो भी उनके साथ आता है, उसका भ्रष्टाचार धुल जाता है। यह दोहरा मापदंड जनता देख रही है।
मनीष दुबे ने बीजेपी सांसद कंगना रनौत पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि कंगना रनौत किस्मत की धनी हैं, जो मुंबई में रहते हुए दूसरे प्रदेश से सांसद बन गईं। लेकिन, सांसद बनने के बावजूद उन्हें न तो राजनीति का अनुभव है, न ही लोगों की समस्याएं सुलझाने की समझ। उन्हें प्रशासन से काम लेना नहीं आता और न ही जनसेवा का उद्देश्य दिखता है। उनका व्यवहार हताशा दर्शाता है। लगता है वे किसी खास मकसद से राजनीति में आई थीं और वह उद्देश्य अब पूरा हो चुका है।
उन्होंने बिहार में शुरू किए गए मतदाता पुनरीक्षण अभियान की आलोचना करते हुए कहा कि इसका मकसद दो से ढाई करोड़ वोट कम करना है। महाराष्ट्र में पहले 75-80 लाख वोट बढ़ाए गए, अब बिहार में उलटा हो रहा है। यह संदेह पैदा करता है। चुनाव आयोग के कुछ अधिकारी बीजेपी और जेडीयू के दबाव में काम कर रहे हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   9 July 2025 11:35 PM IST












