संस्कृति: नई दिल्ली बजरंगबली, मां बगलामुखी और कल्कि नारायण के त्रिदेव स्वरूप पीठम का हुआ भूमि पूजन

नई दिल्ली, 17 जुलाई (आईएएनएस)। नई दिल्ली के कंझावाला में बजरंगबली, मां बगलामुखी और भगवान श्री कल्कि नारायण के त्रिदेव स्वरूप पीठम का भूमि पूजन समारोह बड़े ही श्रद्धाभाव के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर श्री कल्कि पीठाधीश्वर आचार्य प्रमोद कृष्णम ने बतौर मुख्य अतिथि भूमि पूजन समारोह में हिस्सा लिया।
भूमि पूजन समारोह की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार से हुई और विधि-विधान से संपन्न हुई। पंडितों ने पवित्र अग्नि प्रज्वलित कर देवताओं का आह्वान किया और भूमि के शुद्धिकरण के लिए विशेष पूजा-अर्चना की। इस दौरान उपस्थित भक्तों और गणमान्य व्यक्तियों ने भक्तिमय वातावरण में डूबकर इस आध्यात्मिक क्षण का अनुभव किया।
इस दौरान आचार्य प्रमोद कृष्णम ने त्रिदेव स्वरूप पीठम के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह पीठम सनातन धर्म के मूल्यों को स्थापित करने और समाज में शांति व सद्भाव का संदेश फैलाने का एक महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा।
उन्होंने कहा कि यह त्रिदेव स्वरूप पीठम भगवान हनुमान, मां बगलामुखी और भगवान कल्कि नारायण के दिव्य स्वरूपों को समर्पित होगा। माना जाता है कि इन तीनों देवों की आराधना से भक्तों को बल, बुद्धि, विद्या, शत्रु पर विजय और मोक्ष की प्राप्ति होती है। यह पीठम भविष्य में एक महत्वपूर्ण आध्यात्मिक केंद्र के रूप में उभरेगा, जहां श्रद्धालु ध्यान, पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठानों में भाग ले सकेंगे।
उन्होंने भगवान श्री कल्कि नारायण के अवतरण और उनके दिव्य कार्य पर भी अपने विचार साझा किए। आचार्य प्रमोद कृष्णम ने कहा कि भारत की राजधानी इंद्रप्रस्थ की पावन भूमि और यमुना के तट पर कल्किपीठ एवं कल्कि धाम द्वारा भगवान कल्कि नारायण के नाम व स्वरूप का मंदिर निर्मित किया जा रहा है। मैं सभी को हार्दिक बधाई देता हूं। एक दिन ऐसा आएगा जब भगवान के अवतार की भविष्यवाणी पूर्ण होगी।
भूमि पूजन के सफल समापन के साथ ही अब इस भव्य पीठम के निर्माण कार्य को गति दी जाएगी। आयोजकों ने बताया कि इस पीठम का उद्देश्य केवल एक मंदिर का निर्माण करना नहीं है, बल्कि एक ऐसा आध्यात्मिक परिसर स्थापित करना है, जो धार्मिक शिक्षा, योग, ध्यान और सामाजिक कल्याण के कार्यों को भी बढ़ावा देगा। यह पीठम आने वाली पीढ़ियों के लिए सनातन धर्म की गौरवशाली परंपराओं और मूल्यों का प्रतीक बनेगा।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   17 July 2025 8:41 PM IST