राजनीति: झारखंड में हुई भाजपा विधायक दल की बैठक, सरकार को विधानसभा में घेरने की रणनीति बनाई

रांची, 1 अगस्त (आईएएनएस)। झारखंड में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मानसून सत्र में हेमंत सोरेन सरकार को घेरने की पूरी तैयारी कर ली है। शुक्रवार को विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी के नेतृत्व में भाजपा विधायक दल की बैठक हुई। भाजपा के मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल ने कहा कि झारखंड के कई ज्वलंत मुद्दे सदन में उठाए जाएंगे।
रांची में शुक्रवार को बुलाई गई बैठक में भाजपा के सभी विधायक शामिल हुए। भाजपा के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र कुमार राय और महामंत्री (संगठन) कर्मवीर सिंह भी उपस्थित रहे।
नवीन जायसवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि राज्य में विकास कार्यों की तुलना में नाम बदलने पर ज्यादा ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने हाल ही में श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय का नाम बदलने और अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर चल रहे 'अटल क्लिनिक' का नाम बदलकर 'मदर टेरेसा क्लिनिक' करने का उदाहरण दिया।
झारखंड सरकार को घेरते हुए नवीन जायसवाल ने किसानों की समस्याओं पर चिंता जताई और कहा कि फसल खराब होने से कई किसान आत्महत्या को मजबूर हो रहे हैं। उन्होंने कानून व्यवस्था, नगर निगम चुनाव और अन्य मुद्दों पर चर्चा होने की भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि भाजपा एनडीए के रूप में इन सभी मुद्दों पर एकजुट होकर जनता की आवाज सदन में बुलंद करेगी।
उन्होंने 2024 की विभिन्न परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं का उल्लेख करते हुए कहा कि सीआईडी द्वारा की जा रही लीपापोती की जांच सीबीआई से कराई जाएगी ताकि युवाओं के भविष्य के साथ कोई खिलवाड़ न हो।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में ओबीसी आरक्षण को लेकर पूछे गए सवाल पर भाजपा के मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल ने कहा कि 27 प्रतिशत ओबीसी आरक्षण सबसे पहले नगर निकाय चुनावों में लागू किया जाना चाहिए, उसके बाद ही अन्य चुनाव कराए जाएं।
एसआईआर के मुद्दे पर नवीन जायसवाल ने कांग्रेस, झामुमो और राजद की सरकारों पर आरोप लगाते हुए कहा कि वे बांग्लादेशी और रोहिंग्या मुस्लिम प्रवासियों को राज्य में बसाने की कोशिश कर रही हैं, जिससे देश की आंतरिक सुरक्षा खतरे में है। उन्होंने लैंड जिहाद, लव जिहाद और वोट जिहाद जैसी चुनौतियों का भी जिक्र किया और कहा कि भाजपा इसे किसी भी कीमत पर होने नहीं देगी।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   1 Aug 2025 9:34 PM IST