राष्ट्रीय: मुंबई पुलिस ने जेजे अस्पताल से भागी बांग्लादेशी महिला कैदी को किया गिरफ्तार

मुंबई पुलिस ने जेजे अस्पताल से भागी बांग्लादेशी महिला कैदी को किया गिरफ्तार
मुंबई पुलिस ने 21 वर्षीय बांग्लादेशी महिला कैदी को फिर से गिरफ्तार कर लिया है, जो इलाज के दौरान जेजे अस्पताल से भीड़ का फायदा उठाकर फरार हो गई थी। महिला का नाम रुबीना इरशाद शेख है, जिसे नवी मुंबई पुलिस ने भारत में अवैध रूप से रहने के आरोप में गिरफ्तार किया था।

मुंबई, 18 अगस्त (आईएएनएस)। मुंबई पुलिस ने 21 वर्षीय बांग्लादेशी महिला कैदी को फिर से गिरफ्तार कर लिया है, जो इलाज के दौरान जेजे अस्पताल से भीड़ का फायदा उठाकर फरार हो गई थी। महिला का नाम रुबीना इरशाद शेख है, जिसे नवी मुंबई पुलिस ने भारत में अवैध रूप से रहने के आरोप में गिरफ्तार किया था।

महिला को भायखला जेल में रखा गया था। 14 अगस्त को सुबह करीब 11 बजे उसे इलाज के लिए मुंबई के जेजे अस्पताल लाया गया था, क्योंकि वह बीमार थी और कथित तौर पर गर्भवती भी है। लेकिन, अस्पताल में इलाज के दौरान, वह मौका पाकर भाग गई। इस घटना के बाद जेजे मार्ग पुलिस स्टेशन में एक मामला दर्ज किया गया और तुरंत जांच शुरू की गई।

पुलिस की टीम ने लगातार तीन दिनों तक सीसीटीवी फुटेज खंगाले और रुबीना के पुराने ठिकानों की जानकारी जुटाई। जांच में सामने आया कि भागने के बाद रुबीना ने अपना ठिकाना बदल लिया था और एक नए स्थान पर छिपकर रह रही थी, जिससे पुलिस को उसे पकड़ने में मुश्किल हो रही थी।

हालांकि, पुलिस को एक गुप्त सूचना मिली कि रुबीना नवी मुंबई के तलवली इलाके के नवघर अली रोड में कहीं छिपी हुई है। इसके बाद पुलिस टीम ने 17 अगस्त की शाम रुबीना को फिर से गिरफ्तार कर लिया।

अब पुलिस यह जांच कर रही है कि क्या रुबीना को जेजे अस्पताल से भागने में किसी बाहरी व्यक्ति की मदद मिली थी या नहीं। इस एंगल से पूछताछ और जांच की जा रही है।

मुंबई पुलिस का कहना है कि एक महिला कैदी का जेल से इलाज के लिए अस्पताल लाना और फिर वहां से उसका फरार हो जाना एक गंभीर मामला है। इसलिए इस पूरे मामले की गहराई से जांच की जा रही है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   18 Aug 2025 6:22 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story