राजनीति: पंजाब विधानसभा चुनाव के मद्देनजर कांग्रेस पार्टी की हुई अहम बैठक, संगठन की मजबूती पर जोर

पंजाब विधानसभा चुनाव के मद्देनजर कांग्रेस पार्टी की हुई अहम बैठक, संगठन की मजबूती पर जोर
आगामी पंजाब विधानसभा चुनाव के मद्देनजर कांग्रेस पार्टी ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी कड़ी में सोमवार को दिल्ली में पंजाब कांग्रेस इकाई के तमाम बड़े नेताओं की बैठक हुई।

नई दिल्ली, 25 अगस्त (आईएएनएस)। आगामी पंजाब विधानसभा चुनाव के मद्देनजर कांग्रेस पार्टी ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी कड़ी में सोमवार को दिल्ली में पंजाब कांग्रेस इकाई के तमाम बड़े नेताओं की बैठक हुई।

कांग्रेस पार्टी के महासचिव केसी वेणुगोपाल ने जानकारी साझा करते हुए बताया कि पंजाब प्रभारी भूपेश बघेल के साथ नई दिल्ली में 24 अकबर रोड स्थित पार्टी मुख्यालय में पंजाब के वरिष्ठ नेताओं के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की गई।

इस बैठक में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी की रणनीति, संगठन सृजन अभियान और जमीनी स्तर पर चल रही विभिन्न पहलों पर विस्तृत चर्चा हुई।

केसी वेणुगोपाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "पंजाब प्रभारी भूपेश बघेल के साथ 24 अकबर रोड पर प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक हुई, जिसमें अगले विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी की चुनावी तैयारियों और संगठन सृजन अभियान के साथ अन्य अभियानों के माध्यम से संगठन को मजबूत करने के प्रयासों पर चर्चा की गई।"

इस बैठक का मुख्य उद्देश्य पंजाब में कांग्रेस के संगठन को और मजबूत करना था। वेणुगोपाल ने बताया कि कांग्रेस पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय बढ़ाने और जनता तक पहुंचने के लिए कई अभियानों को बढ़ावा देने के लिए कार्य योजना तैयार की गई है।

पंजाब में कांग्रेस का इतिहास रहा है कि वह जमीनी स्तर पर मजबूत संगठन के दम पर सत्ता हासिल करती रही है। हालांकि, 2022 के विधानसभा चुनाव में पार्टी को आम आदमी पार्टी (आप) के हाथों करारी हार का सामना करना पड़ा था। इस हार से सबक लेते हुए कांग्रेस अब कोई कसर नहीं छोड़ना चाहती।

बैठक में कांग्रेस आलाकमान ने पंजाब के नेताओं के साथ संगठन की वर्तमान स्थिति का जायजा लिया और कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने के लिए नई रणनीतियों पर जोर दिया।

मिली जानकारी के मुताबिक, कांग्रेस पार्टी गांव स्तर पर कार्यकर्ताओं और युवाओं को जोड़ने की योजना बना रही है।

पंजाब में कांग्रेस के सामने कई चुनौतियां हैं। एक ओर जहां आम आदमी पार्टी की सरकार अपनी जन-केंद्रित नीतियों के दम पर लोकप्रियता को बनाए रखना चाहती है तो वहीं शिरोमणि अकाली दल और भारतीय जनता पार्टी भी अपनी स्थिति मजबूत करने में लगी हैं।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   25 Aug 2025 11:35 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story