राजनीति: पीएम मोदी पर टिप्पणी को लेकर भाजपा महिला मोर्चा ने की निंदा, राहुल गांधी से माफी की मांग

नई दिल्ली, 3 सितंबर (आईएएनएस)। बिहार में लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में निकाली गई 'वोटर अधिकार यात्रा' में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर की गई अभद्र टिप्पणी का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। बुधवार को भारतीय जनता पार्टी की महिला मोर्चा ने इसकी कड़ी निंदा की।
महिला मोर्चा ने इस घटना को लेकर राहुल गांधी से माफी की मांग की है और माफी नहीं मांगने पर विरोध प्रदर्शन और तेज करने की चेतावनी दी है।
भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष वनथी श्रीनिवासन ने इस घटना को लेकर कांग्रेस की कड़ी निंदा की है। उन्होंने इसे देश की महिलाओं और नागरिकों की भावनाओं पर हमला करार दिया।
वनथी श्रीनिवासन ने आईएएनएस से खास बातचीत करते हुए कहा, "प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणियां की गई हैं। भाजपा महिला मोर्चा इसकी कड़ी निंदा करता है। ऐसी टिप्पणियां न केवल देश की मां, बहन और बेटी का अपमान करती हैं, बल्कि हर नागरिक के मन में गुस्सा पैदा करती हैं।"
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ऐसी भाषा का सहारा लेकर एक खतरनाक राजनीतिक संस्कृति को बढ़ावा दे रही है, जो महिलाओं का अपमान करती है और भारतीय मूल्यों को कमजोर करती है।
उन्होंने कहा, "कांग्रेस ने इस टिप्पणी के साथ देश की राजनीतिक संस्कृति को निम्न स्तर पर पहुंचा दिया है। हम इसे बर्दाश्त नहीं करेंगे।" श्रीनिवासन ने बताया कि भाजपा महिला मोर्चा सभी राज्यों की राजधानियों और कई जिलों में कांग्रेस कार्यालयों के सामने विरोध प्रदर्शन कर रहा है। उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी से इस शर्मनाक कृत्य के लिए बिना शर्त माफी मांगने की मांग की।
महिला मोर्चा ने कहा कि ऐसी टिप्पणियां न केवल व्यक्तिगत अपमान हैं, बल्कि देश की सांस्कृतिक मर्यादाओं पर भी प्रहार हैं। कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए इस मुद्दे को जनता के बीच ले जाने का संकल्प लिया। श्रीनिवासन ने चेतावनी दी कि अगर कांग्रेस ने माफी नहीं मांगी, तो विरोध प्रदर्शन और तेज होंगे।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   3 Sept 2025 11:25 PM IST