संस्कृति: उत्तराखंड अल्मोड़ा में सातूं-आठूं पर्व की धूम, पारंपरिक उत्साह के साथ गौरा-महेश्वर की पूजा

उत्तराखंड अल्मोड़ा में सातूं-आठूं पर्व की धूम, पारंपरिक उत्साह के साथ गौरा-महेश्वर की पूजा
उत्तराखंड की सांस्कृतिक नगरी अल्मोड़ा में भाद्रपद मास में सातूं-आठूं पर्व की धूम है। यह लोकपर्व कुमाऊं अंचल में अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, बागेश्वर, चंपावत और पड़ोसी देश नेपाल के कई हिस्सों में बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया जाता है। इस पर्व में महिलाएं भगवान शिव और माता गौरा की पूजा-अर्चना करती हैं, जो बेटी-दामाद के रूप में पूजे जाते हैं।

अल्मोड़ा, 6 सितंबर (आईएएनएस)। उत्तराखंड की सांस्कृतिक नगरी अल्मोड़ा में भाद्रपद मास में सातूं-आठूं पर्व की धूम है। यह लोकपर्व कुमाऊं अंचल में अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, बागेश्वर, चंपावत और पड़ोसी देश नेपाल के कई हिस्सों में बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया जाता है। इस पर्व में महिलाएं भगवान शिव और माता गौरा की पूजा-अर्चना करती हैं, जो बेटी-दामाद के रूप में पूजे जाते हैं।

सातूं-आठूं पर्व में महिलाएं पारंपरिक परिधान पहनकर श्रृंगार करके धान, मादिरा, कुकुड़ी और माकुड़ी से शिव और गौरा की मूर्तियां बनाती हैं, उनकी शादी रचाती हैं और पूरे विधि-विधान के साथ पूजा करती हैं। यह पर्व भाद्रपद मास की अमुक्ताभरण सप्तमी (सातूं) और दूर्बाष्टमी (आठूं) को मनाया जाता है। सातूं के दिन महिलाएं बाएं हाथ में पीले धागे युक्त डोर और अष्टमी को गले में दूब घास के साथ अभिमंत्रित लाल धागे (दुबड़े) धारण करती हैं।

विवाहित महिलाएं अखंड सौभाग्य और सुख-समृद्धि की कामना करती हैं, जबकि कुंवारी युवतियां केवल गले में दुबड़े पहनती हैं।

पंचमी के दिन बिरूड़े (सात दालें- गेहूं, चना, राजमा, उड़द, सोयाबीन, मटर, घौट) भिगोए जाते हैं। सप्तमी को धान की सूखी पराल, तिल और दूब से गौरा-महेश की मूर्तियां बनाकर स्थापित की जाती हैं। रात्रि जागरण में लोक संस्कृति पर आधारित गीत गाए जाते हैं, जो अष्टमी तक चलता है। अष्टमी को खुले स्थान पर अनाज, धतूरे, फल-फूलों से पूजा के बाद गौरा-महेश को नम आंखों से विदाई दी जाती है और केले के पेड़ के नीचे विसर्जित किया जाता है।

महिलाओं का कहना है कि इस पर्व में दो दिन का उपवास रखा जाता है, जो गौरा को ससुराल भेजने के बाद तोड़ा जाता है। इस दौरान विशेष पकवान बनाए जाते हैं और शिव-गौरा को भोग लगाया जाता है। महिलाएं अपने पति की लंबी आयु के लिए डोर और दुबड़े पहनती हैं।

बुजुर्ग महिलाएं बताती हैं कि यह पर्व सावन माह के शुक्ल पक्ष में भी मनाया जाता है, जिसमें शिव और गौरा की शादी कराकर उनकी पूजा की जाती है।

सातूं-आठूं की कथा चंपावत के राजा और उनकी सात रानियों से जुड़ी है। कथा के अनुसार, राजा की सात रानियों में से किसी को संतान नहीं थी। राजा ने संतान प्राप्ति के लिए बिरूड़े भिगोने का व्रत रखने को कहा। छह रानियां बिरूड़े खा लेती हैं, जिससे उनका व्रत टूट जाता है, लेकिन सातवीं रानी कोयला खाकर व्रत पूरा करती है और गर्भवती होकर गोलू देवता को जन्म देती है। ईर्ष्यावश छह रानियां बच्चे को नदी किनारे फेंक देती हैं, जहां एक मछुआरा उसका पालन-पोषण करता है। बाद में सातवीं रानी अपने पुत्र से मिलती है, और राजा छह रानियों को त्यागकर सातवीं रानी और पुत्र को राजपाठ सौंप देता है।

यह पर्व कुमाऊं की सांस्कृतिक धरोहर का प्रतीक है। जहां पाश्चात्य संस्कृति के प्रभाव में नई पीढ़ी परंपराओं से विमुख हो रही है, वहीं पहाड़ी क्षेत्रों की महिलाएं अपनी संस्कृति को जीवंत रख रही हैं। जरूरत है कि युवा पीढ़ी को इस समृद्ध परंपरा से जोड़ा जाए।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   6 Sept 2025 7:42 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story