राजनीति: भारत वैश्विक मंच पर सशक्त, बिहार का अपमान कांग्रेस की रणनीति रोहन गुप्ता

भारत वैश्विक मंच पर सशक्त, बिहार का अपमान कांग्रेस की रणनीति रोहन गुप्ता
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता रोहन गुप्ता ने कहा कि भारत आज विश्व राजनीति में उस मुकाम पर पहुंच चुका है, जहां कोई भी देश भारत को अनदेखा नहीं कर सकता। चाहे वह अमेरिका हो, ब्रिटेन हो, रूस हो या चीन, भारत हर वैश्विक मंच पर अपनी भूमिका निभा रहा है।

अहमदाबाद, 6 सितंबर (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता रोहन गुप्ता ने कहा कि भारत आज विश्व राजनीति में उस मुकाम पर पहुंच चुका है, जहां कोई भी देश भारत को अनदेखा नहीं कर सकता। चाहे वह अमेरिका हो, ब्रिटेन हो, रूस हो या चीन, भारत हर वैश्विक मंच पर अपनी भूमिका निभा रहा है।

रोहन गुप्ता ने आगे कहा कि भारत और अमेरिका के बीच संबंध दो देशों के बीच का मामला है, न कि व्यक्तियों का। देशों के बीच संबंधों में उतार-चढ़ाव स्वाभाविक हैं, लेकिन भारत हमेशा एक जिम्मेदार राष्ट्र की तरह व्यवहार करता है। भारत न केवल वैश्विक मंच पर अपनी सशक्त उपस्थिति दर्ज करा रहा है, बल्कि देश के भीतर भी विकास के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कांग्रेस पार्टी पर बिहार के लोगों के अपमान का गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने केरल कांग्रेस के एक ट्वीट का जिक्र करते हुए कहा कि बिहार का बार-बार अपमान करना कोई गलती नहीं, बल्कि कांग्रेस की सोची-समझी रणनीति का हिस्सा है। बिहार के लोगों को टॉयलेट क्लीनर कहना और उनके डीएनए पर सवाल उठाना बार-बार की गलती नहीं हो सकती। यह कांग्रेस की मानसिकता को दर्शाता है।

उन्होंने आगे कहा कि बिहार की जनता इसे देख रही है और वह कांग्रेस को इसके लिए माफ नहीं करेगी। यह अपमान न केवल बिहार की जनता, बल्कि पूरे देश के लिए अस्वीकार्य है।

जीएसटी सुधारों पर बोलते हुए रोहन गुप्ता ने केंद्र सरकार की पीठ थपथपाई। उन्होंने इसे मध्यम वर्ग और आम आदमी के लिए बड़ा तोहफा करार दिया।

उन्होंने कहा कि त्योहारी सीजन को देखते हुए यह कदम विशेष रूप से महत्वपूर्ण है। जीएसटी सुधार से मध्यम वर्ग को बड़े पैमाने पर लाभ होगा। यह सरकार की जन-केंद्रित नीतियों का प्रतीक है। सरकार हमेशा आम आदमी के हितों को प्राथमिकता देती है।

बिहार के विकास पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राज्य तेजी से प्रगति कर रहा है। आगामी बिहार विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) की बड़ी जीत होगी। विपक्ष के पास कोई ठोस मुद्दा नहीं है और वे केवल आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति कर रहे हैं। विपक्ष का रवैया जनता के सामने स्पष्ट है। बिहार की जनता उन्हें उनकी सही जगह दिखाएगी।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   6 Sept 2025 8:22 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story