टी20 वर्ल्ड कप शेफर्ड-होल्डर की दमदार पारियां, वेस्टइंडीज ने 8 विकेट खोकर बनाए 176 रन

टी20 वर्ल्ड कप शेफर्ड-होल्डर की दमदार पारियां, वेस्टइंडीज ने 8 विकेट खोकर बनाए 176 रन
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में गुरुवार को साउथ अफ्रीका की भिड़ंत वेस्टइंडीज के साथ हो रही है। दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है। वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 8 विकेट खोकर स्कोरबोर्ड पर 176 रन लगाए।

अहमदाबाद, 26 फरवरी (आईएएनएस)। टी20 वर्ल्ड कप 2026 में गुरुवार को साउथ अफ्रीका की भिड़ंत वेस्टइंडीज के साथ हो रही है। दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है। वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 8 विकेट खोकर स्कोरबोर्ड पर 176 रन लगाए।

सुपर-8 राउंड के मुकाबले में साउथ अफ्रीका के कप्तान एडेन मार्करम ने टॉस जीतकर पहले वेस्टइंडीज को बल्लेबाजी करने का न्योता दिया। कैरेबियाई टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और कप्तान शाई होप 6 गेंदों में 16 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद शानदार फॉर्म में चल रहे शिमरोन हेटमायर भी बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और महज 2 रन बनाकर कगिसो रबाडा का शिकार बने।

ब्रैंडन किंग अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में तब्दील करने में नाकाम रहे और वह 11 गेंदों में 21 रन बनाकर पवेलियन लौटे। रोवमैन पॉवेल का भी बल्ला खामोश रहा और वह 9 रन बनाकर आउट हुए। रोस्टन चेज महज 2 रन बना सके, जबकि शेरफेन रदरफोर्ड 12 रन बनाकर कॉर्बिन बॉश की गेंद पर क्विंटन डी कॉक को कैच दे बैठे।

83 रनों के स्कोर पर 7 विकेट गिरने के बाद जेसन होल्डर और रोमारियो शेफर्ड ने मोर्चा संभाला और आठवें विकेट के लिए 89 रनों की अहम साझेदारी निभाई। होल्डर 31 गेंदों में 49 रन बनाकर रनआउट हुए। वहीं, शेफर्ड ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 37 गेंदों में 52 रनों की दमदार पारी खेली। अपनी इस पारी में शेफर्ड ने 3 चौके और 4 छक्के लगाए।

गेंदबाजी में साउथ अफ्रीका की तरफ से लुंगी एनगिडी ने 4 ओवर में 30 रन देकर 3 विकेट अपने नाम किए। वहीं, कगिसो रबाडा ने 4 ओवर में 22 रन देकर 2 विकेट निकाले, जबकि कॉर्बिन बॉश ने 31 रन देकर 2 विकेट चटकाए।

इस मुकाबले में एडेन मार्करम की कप्तानी में साउथ अफ्रीकी टीम क्विंटन डी कॉक (विकेटकीपर), रयान रिकेल्टन, डेवाल्ड ब्रेविस, डेविड मिलर, ट्रिस्टन स्टब्स, मार्को जानसेन, कॉर्बिन बॉश, कगिसो रबाडा, केशव महाराज और लुंगी एनगिडी के साथ मैदान पर उतरी है।

दूसरी ओर, वेस्टइंडीज की टीम शाई होप की कप्तानी में ब्रैंडन किंग, शिमरोन हेटमायर, रोवमैन पॉवेल, शेरफेन रदरफोर्ड, रोस्टन चेज, रोमारियो शेफर्ड, जेसन होल्डर, मैथ्यू फोर्ड, गुडाकेश मोती और शमर जोसेफ के साथ इस मैच में खेल रही है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   26 Feb 2026 4:56 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story