बॉलीवुड: 'दिल हूम हूम करे' से लेकर 'ओ गंगा तू बहती हो क्यों' तक भूपेन हजारिका के अमर गीत, जिन्होंने दिए खास संदेश

दिल हूम हूम करे से लेकर ओ गंगा तू बहती हो क्यों तक भूपेन हजारिका के अमर गीत, जिन्होंने दिए खास संदेश
भारत रत्न भूपेन हजारिका की आवाज का हर कोई दीवाना है। उनका हर एक सुर, हर एक बोल सीधे दिल को छू जाता है। उन्हें लोग प्यार से भूपेन दा बुलाते थे। वह शानदार गायक और बेहतरीन संगीतकार थे। उनके गाने में दर्द, प्यार, समाज की सच्चाई और संदेश छिपे होते थे।

मुंबई, 8 सितंबर (आईएएनएस)। भारत रत्न भूपेन हजारिका की आवाज का हर कोई दीवाना है। उनका हर एक सुर, हर एक बोल सीधे दिल को छू जाता है। उन्हें लोग प्यार से भूपेन दा बुलाते थे। वह शानदार गायक और बेहतरीन संगीतकार थे। उनके गाने में दर्द, प्यार, समाज की सच्चाई और संदेश छिपे होते थे।

भूपेन हजारिका का जन्म 8 सितंबर 1926 को असम के सदिया गांव में हुआ था। बचपन से ही उन्हें संगीत से प्रेम था। उनकी मां उन्हें पारंपरिक लोरियां सुनाया करती थीं, और वहीं से उनके दिल में संगीत की लौ जल उठी थी। वह अपने गीतों को खुद ही लिखते, उनका संगीत बनाते और फिर उन्हें गाते भी थे। उनका हर गाना एक सोच लेकर आता था, एक सवाल उठाता था, या फिर गहरे दर्द को सामने रखता था।

उनके सबसे प्रसिद्ध गीतों में से एक 'दिल हूम हूम करे, घबराए...' है। यह गाना फिल्म 'रुदाली' से है और इसे भूपेन दा ने खुद संगीतबद्ध किया था। इस गीत में दिल की बेचैनी, दर्द और अकेलेपन को इतने सादे लेकिन असरदार शब्दों में कहा गया है कि सुनते ही आंखें नम हो जाती हैं। लता मंगेशकर और भूपेन दा की आवाज ने मिलकर इस गाने को यादगार बना दिया।

भूपेन दा ने सिर्फ प्रेम या दर्द के गीत नहीं गाए, उन्होंने समाज को भी अपने गीतों से आईना दिखाया। उन्होंने 'ओ गंगा तू बहती हो क्यों...' के जरिए समाज को संदेश दिया कि देश में नैतिकता खत्म हो रही है, लेकिन गंगा नदी फिर भी शांत तरीके से बह रही है। उनके हर एक गीत के पीछे मकसद और गहरी सोच छुपी होती थी।

उनका एक और गाना जो बहुत ही सुंदर और अर्थपूर्ण है, वह 'समय ओ धीरे चलो' है। इसमें भूपेन दा समय से गुजारिश करते हैं कि वह धीरे-धीरे चले, ताकि दुखों से राहत मिल सके, ताकि कुछ खोया हुआ वापस पाया जा सके। इस गीत की भाषा बेहद सरल है और इसका संगीत शांति और गहराई से भरपूर है।

उन्होंने ऐसे कई गाने बनाए जो गरीबों, मजदूरों, महिलाओं और वंचितों की आवाज बने। उनके गीतों में लोक संगीत की मिठास होती थी, लेकिन उनमें एक आधुनिक सोच भी होती थी। उन्होंने असमिया, हिंदी, बांग्ला और कई भाषाओं में गीत गाए और सभी जगहों पर उन्हें उतना ही प्यार मिला।

भूपेश दा के गाने 'एक कली दो पत्तियां' में मासूमियत और बर्बरता, दोनों का जिक्र है। यह गाना पहले तो एक बगीचे की सुंदरता और नन्ही कली की बात करता है, फिर अचानक उस कली पर छा जाने वाले अंधेरे का वर्णन करता है। इस गाने में महिलाओं पर होने वाले अत्याचार और समाज की चुप्पी को दिखाया गया है।

भूपेन हजारिका को दादा साहेब फाल्के अवॉर्ड, पद्म भूषण, और भारत रत्न जैसे बड़े सम्मान मिले। आज भी लोग उनके गाने सुनना पसंद करते हैं।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   8 Sept 2025 11:30 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story