राजनीति: भारत निर्वाचन आयोग की कार्यशाला में गलत सूचनाओं से निपटने पर जोर

नई दिल्ली, 12 सितंबर (आईएएनएस)। भारत निर्वाचन आयोग ने शुक्रवार को सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्य कार्यकारी अधिकारियों के मीडिया एवं संचार अधिकारियों के लिए नई दिल्ली में एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया।
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने चुनाव आयुक्त डॉ. सुखबीर सिंह संधू और डॉ. विवेक जोशी की उपस्थिति में इस कार्यशाला का उद्घाटन किया।
कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य चुनावों से जुड़ी कानूनी, तथ्यात्मक और नियम आधारित जानकारी को समय पर और सही ढंग से प्रसारित करने के महत्व पर जोर देना है। इसका लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि भारतीय चुनाव संविधान के अनुसार हों और इस प्रक्रिया के बारे में जनता को सटीक जानकारी मिले।
हाल के दिनों में चुनावी प्रक्रियाओं के बारे में गलत सूचनाएं सामने आईं। कार्यशाला में राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्य निर्वाचन अधिकारियों के कार्यालयों में संचार प्रणाली को मजबूत करने पर चर्चा हुई। इसमें बताया गया कि तथ्य-आधारित प्रतिक्रियाओं के माध्यम से भ्रामक जानकारियों का मुकाबला करना है ताकि जनता को गुमराह होने से बचाया जा सके।
यह कार्यशाला 9 अप्रैल और 5 जून 2025 को भारतीय अंतरराष्ट्रीय लोकतंत्र एवं चुनाव प्रबंधन संस्थान में आयोजित हुए दो पिछले कार्यक्रमों से मिली सीख को और आगे बढ़ाएगी। इसका उद्देश्य मतदाताओं और अन्य हितधारकों को समय पर सत्यापित और प्रामाणिक जानकारी सुनिश्चित करने के लिए एक दूरदर्शी रणनीति तैयार करना है।
भारत निर्वाचन आयोग ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर बताया कि इस कार्यशाला में सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के CEO कार्यालयों के मीडिया नोडल अधिकारियों (MNO) और सोशल मीडिया नोडल अधिकारियों ने भाग लिया।
हाल ही में बिहार में विधानसभा चुनाव होने हैं, जिसकी घोषणा जल्द ही हो सकती है। चुनाव आयोग अक्टूबर के पहले या दूसरे हफ्ते में इसकी तारीखों की घोषणा कर सकता है। चुनाव आयोग त्योहारों को भी ध्यान में रखते हुए चुनाव तारीख तय कर सकता है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   12 Sept 2025 2:32 PM IST