राजनीति: ‘कांग्रेस ने सारी मर्यादाएं पार की’, एआई वीडियो पर मंत्री नितिन नबीन ने दी प्रतिक्रिया

पटना, 12 सितंबर (आईएएनएस)। बिहार के दरभंगा जिले में कांग्रेस की 'वोटर अधिकार यात्रा' के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियों का मामला अभी ठंडा भी नहीं हुआ था कि अब कांग्रेस द्वारा जारी एक एआई जनरेटेड वीडियो ने राजनीतिक विवाद बढ़ा दिया है। इस घटना ने बिहार की सियासत को और गरमा दिया है, जहां भाजपा और उसके सहयोगी दलों ने कांग्रेस के खिलाफ सख्त रुख अपनाया हुआ है।
आईएएनएस से बातचीत के दौरान मंत्री नितीन नबीन ने कहा कि कांग्रेस पार्टी महिलाओं का सम्मान नहीं करती है। कांग्रेस ने इस वीडियो के जरिए राजनीति की सारी मर्यादाएं तोड़ दीं। उन्होंने इसे नीच और शर्मनाक करार देते हुए चेतावनी दी कि ऐसी हरकतें बिहार की जनता को नाराज कर रही हैं और अगर कांग्रेस ने मर्यादा लांघना जारी रखा, तो जनता उन्हें बिहार की सड़कों पर चलना मुश्किल कर सकती है।
उन्होंने कांग्रेस की संस्कृति और नैतिकता पर सवाल उठाए और कहा कि भारतीय संस्कृति में माता को पूजनीय माना जाता है, लेकिन कांग्रेस की संस्कृति में शायद ऐसा नहीं है। नितिन नबीन ने कहा कि भाजपा देश की सभी माताओं का सम्मान करती है, जबकि कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ एआई वीडियो बनाकर और उसे कथित तौर पर अपने आधिकारिक हैंडल से पोस्ट करके सारी मर्यादाएं तोड़ दीं।
दरभंगा वाली घटना का जिक्र करते हुए उन्होंने पार्टी की मंशा और नैतिकता पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का असली चेहरा बेनकाब हो गया है और इस पार्टी की कार्यशैली भारतीय संस्कृति और संवैधानिक मूल्यों के खिलाफ है।
उन्होंने दरभंगा में वोटर अधिकार यात्रा के दौरान पीएम नरेंद्र मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी का उल्लेख किया। उस समय कांग्रेस ने दावा किया था कि टिप्पणी करने वाला व्यक्ति उनका कार्यकर्ता नहीं था, लेकिन 11 सितंबर को बिहार कांग्रेस के कथित आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल से पोस्ट किए गए एआई वीडियो ने कांग्रेस के दावों की पोल खोल दी।
नितिन नबीन ने कहा कि यह वीडियो कांग्रेस के आधिकारिक हैंडल से पोस्ट हुआ, जिससे उनकी मंशा और काला चेहरा सामने आ गया।
उन्होंने कांग्रेस पर संवैधानिक संस्थाओं जैसे चुनाव आयोग और सुप्रीम कोर्ट में भरोसा न होने का आरोप लगाया। तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस को पाकिस्तान के कानून पर ज्यादा भरोसा है। इसलिए वे उसकी ही भाषा बोलते हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   12 Sept 2025 3:29 PM IST