नीतीश कुमार के नाम पर सेतु का नामकरण पूरी तरह सही, उन्होंने बिहार में सुशासन की नींव रखी नित्यानंद राय

पटना, 19 नवंबर (आईएएनएस)। केंद्रीय गृह राज्यमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता नित्यानंद राय ने नीतीश सेतु के नामकरण को लेकर विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के सवालों पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि कच्ची दरगाह से बिदुपुर तक बने पुल का नाम नीतीश कुमार के नाम पर 'नीतीश सेतु' रखा जाना पूरी तरह वाजिब है। नीतीश कुमार ने अपने शासनकाल में बिहार को बदहाली और अपराध के दौर से निकालकर सुशासन और विकास की राह पर आगे बढ़ाया है।
नित्यानंद राय ने गुरुवार को मीडिया से बातचीत में कहा, " 21 नवंबर को औद्योगिक क्षेत्र, राजापाकर, वैशाली की धरती पर 'कर्मयोगी' प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आगमन होने जा रहा है। दुनिया के 36 देशों ने प्रधानमंत्री को अपने सर्वोच्च नागरिक सम्मान से सम्मानित किया है। उनके बिहार आगमन पर नीतीश सेतु समेत हजारों करोड़ रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास होगा। ये योजनाएं बिहार के विकास की दिशा में एक बड़ी कड़ी साबित होंगी।"
नीतीश सेतु के नामकरण को लेकर तेजस्वी यादव की ओर से उठाए जा रहे सवालों पर उन्होंने कहा कि वह तेजस्वी से सीधा सवाल पूछना चाहते हैं कि क्या नीतीश कुमार ने अपने शासनकाल में बिहार के विकास की गति को नहीं बढ़ाया? उन्होंने कहा कि लालू-राबड़ी शासनकाल में बिहार की पहचान बदनाम और बीमार राज्य के रूप में बन गई थी। उस समय अपराधियों का राज था और कानून-व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक थी। ऐसी परिस्थितियों से बिहार को बाहर निकालकर नीतीश कुमार ने राज्य में सुशासन और विकास की व्यवस्था स्थापित की।
भाजपा नेता ने कहा कि ऐसे व्यक्ति के नाम पर पुल का नामकरण होना पूरी तरह उचित है। उन्होंने इसके पीछे निर्माण योजना से जुड़े तथ्यों का भी हवाला दिया। नित्यानंद राय ने कहा कि कच्ची दरगाह-बिदुपुर सेतु के निर्माण की परिकल्पना नीतीश कुमार ने ही की थी। इस योजना की सोच एनडीए सरकार के कार्यकाल में बनी और बाद में नीतीश कुमार की सरकार में इसका निर्माण कराया गया।
उन्होंने कहा कि जब इस पुल की योजना बनाने से लेकर उसके निर्माण तक में नीतीश कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही है, तो उनके नाम पर इसका नामकरण करना स्वाभाविक और उचित है। नीतीश सेतु बिहार की कनेक्टिविटी को मजबूत करने के साथ राज्य के विकास और आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
--आईएएनएस
एमएनपी/पीएम
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
