नोएडा चेन स्नैचिंग के मामले में वांछित आरोपी गिरफ्तार, चोरी की बाइक और चाकू समेत नकद बरामद
नोएडा, 8 अक्टूबर (आईएएनएस)। नोएडा के थाना सेक्टर-24 पुलिस ने चेन स्नैचिंग की घटनाओं में वांछित चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की एक हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, एक अवैध चाकू और 10,500 रुपये की नकदी बरामद की है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी अपने साथी के साथ मिलकर चेन स्नैचिंग और मोटरसाइकिल चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। आरोपी की पहचान विकास उर्फ नोनू पुत्र जितेंद्र के रूप में हुई है। उसकी उम्र करीब 26 वर्ष है और वह ईस्ट विनोद नगर, थाना कल्याणपुरी, दिल्ली का रहने वाला है।
पुलिस के अनुसार, गुरुवार को थाना सेक्टर-24 पुलिस टीम को लोकल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस के माध्यम से आरोपी के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए विकास उर्फ नोनू को सेक्टर-11 स्थित वीडियोकोन तिराहा के पास से गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान उसके कब्जे से चोरी की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, अवैध चाकू और 10,500 रुपये नकद बरामद किए गए। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि करीब 15 दिन पहले उसने अपने एक साथी के साथ मिलकर सेक्टर-12 नोएडा में एक महिला से चेन स्नैचिंग की वारदात को अंजाम दिया था।
घटना के बाद दोनों ने चेन को बेच दिया था। चेन बेचने से मिली रकम को दोनों आरोपियों ने आपस में बराबर-बराबर बांट लिया था। आरोपी विकास के हिस्से में करीब 25 हजार रुपये आए थे।
पुलिस के मुताबिक आरोपी ने इस रकम में से कुछ पैसे खर्च कर दिए, जबकि उसके पास बचे 10,500 रुपए बरामद कर लिए गए हैं। पूछताछ के दौरान आरोपी ने यह भी बताया कि वह अपने साथी के साथ पहले मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था।
बरामद हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी कुछ दिन पहले आरोपियों द्वारा नोएडा क्षेत्र से चोरी की गई थी। पुलिस अब बरामद मोटरसाइकिल के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि चोरी की अन्य घटनाओं में आरोपी की क्या भूमिका रही है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी के दो साथी पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं और उन्हें जेल भेजा जा चुका है। अब विकास की गिरफ्तारी के बाद पुलिस गिरोह से जुड़ी अन्य वारदातों और उसके साथियों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि चेन स्नैचिंग और वाहन चोरी की कितनी घटनाओं को उसने अपने साथियों के साथ मिलकर अंजाम दिया है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ थाना सेक्टर-24 में वर्ष 2026 के दो मुकदमे दर्ज हैं। इसके अलावा वर्ष 2021 और 2022 में थाना फेस-1, थाना सेक्टर-39 और थाना सेक्टर-58 में लूट, चोरी, चोरी का माल रखने तथा आर्म्स एक्ट से संबंधित कई मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस बरामद मोटरसाइकिल, नकदी और चाकू को कब्जे में लेकर आरोपी के आपराधिक नेटवर्क तथा पूर्व की वारदातों से उसके संबंध की जांच कर रही है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   8 Oct 2026 8:13 PM IST












