नोएडा ई-वाहन की बैटरी चार्जिंग के दौरान लगी आग, दो लोगों की मौत; 50 से अधिक लोगों का रेस्क्यू

नोएडा ई-वाहन की बैटरी चार्जिंग के दौरान लगी आग, दो लोगों की मौत; 50 से अधिक लोगों का रेस्क्यू
नोएडा के थाना फेस-3 क्षेत्र स्थित मामूरा गांव में बुधवार को एक दर्दनाक अग्निकांड ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया। गली नंबर-2 स्थित जी-4 भवन के ग्राउंड फ्लोर पर अचानक भीषण आग लग गई, जिसने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप धारण कर लिया।

नोएडा, 15 जुलाई (आईएएनएस)। नोएडा के थाना फेस-3 क्षेत्र स्थित मामूरा गांव में बुधवार को एक दर्दनाक अग्निकांड ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया। गली नंबर-2 स्थित जी-4 भवन के ग्राउंड फ्लोर पर अचानक भीषण आग लग गई, जिसने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप धारण कर लिया।

आग इतनी तेजी से फैली कि बिल्डिंग में रहने वाले लोग अंदर ही फंस गए और चारों ओर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ग्राउंड फ्लोर पर एक इलेक्ट्रिक वाहन की बैटरी चार्जिंग पर लगी हुई थी। इसी दौरान बैटरी में स्पार्किंग हुई, जिसके बाद आसपास खड़े पेट्रोल चालित वाहनों ने आग पकड़ ली।

देखते ही देखते आग ने पूरे निचले हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया और घना धुआं पूरे भवन में फैल गया। जिस समय हादसा हुआ, भवन के अंदर एक पीजी (पेइंग गेस्ट) भी संचालित हो रहा था, जिससे वहां बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। घटना की सूचना मिलते ही फायर सर्विस, पुलिस और प्रशासन की टीमें तत्काल मौके पर पहुंच गईं। अग्निशमन विभाग ने सात फायर टेंडर, एक हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म तथा मुख्य अग्निशमन अधिकारी के नेतृत्व में राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।

दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया और भवन में फंसे लगभग 50 लोगों एवं परिवारों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि इस हादसे में दो लोगों की जान नहीं बचाई जा सकी। धुएं और आग की चपेट में आने से एक महिला और एक पुरुष की तबीयत गंभीर रूप से बिगड़ गई। दोनों को तत्काल एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मौके पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौजूद रहे और राहत कार्य की लगातार निगरानी करते रहे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच के आधार पर थाना फेस-3 पुलिस ने भवन के मालिक एवं लीज धारक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी को हिरासत में ले लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   15 July 2026 3:22 PM IST

Tags

Next Story