नोएडा में कार से टायर चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, चार टायर और लैपटॉप बरामद

नोएडा में कार से टायर चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, चार टायर और लैपटॉप बरामद
गौतमबुद्धनगर के नोएडा में थाना सेक्टर-20 पुलिस ने चोरी की घटनाओं में संलिप्त एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी के चार टायर एलॉय व्हील समेत एक चोरी का लैपटॉप और वारदात में इस्तेमाल की गई स्विफ्ट डिजायर टैक्सी कार बरामद की है। इसके अलावा आरोपी के पास से एक अवैध चाकू भी मिला है।

नोएडा, 14 अक्टूबर (आईएएनएस)। गौतमबुद्धनगर के नोएडा में थाना सेक्टर-20 पुलिस ने चोरी की घटनाओं में संलिप्त एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी के चार टायर एलॉय व्हील समेत एक चोरी का लैपटॉप और वारदात में इस्तेमाल की गई स्विफ्ट डिजायर टैक्सी कार बरामद की है। इसके अलावा आरोपी के पास से एक अवैध चाकू भी मिला है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी नोएडा के अलग-अलग इलाकों में लैपटॉप चोरी करने के साथ ही खड़ी गाड़ियों के टायर चोरी करने की घटनाओं में भी शामिल रहा है। पुलिस के अनुसार, 14 अक्टूबर को थाना सेक्टर-20 पुलिस ने स्थानीय खुफिया जानकारी और बीट पुलिसिंग की मदद से कार्रवाई करते हुए आरोपी कृष्णा कुमार केसरी को सेक्टर-17 के सामने डीएनडी रोड से गिरफ्तार किया।

आरोपी की उम्र करीब 24 वर्ष बताई गई है। वह मूल रूप से बलिया जिले का रहने वाला है और वर्तमान में गौतमबुद्धनगर के तिगरी गोल चक्कर के पास शंकर फार्म हाउस के बगल में श्याम सिंह के मकान में किराये पर रह रहा था। पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने कई चोरी की घटनाओं में शामिल होने की बात स्वीकार की है।

पुलिस के मुताबिक, बरामद चार टायरों के संबंध में थाना सेक्टर-20 में 11 अक्टूबर को मुकदमा दर्ज किया गया था। इसके अतिरिक्त आरोपी ने 28 अगस्त 2026 की रात सेक्टर-37 स्थित बेलमोंट होटल के पास खड़ी एक अर्टिगा कार के चारों टायर चोरी करने की बात भी स्वीकार की। पुलिस के अनुसार, चोरी किए गए टायरों को उसने राह चलते लोगों को बेच दिया था। इस घटना के संबंध में थाना सेक्टर-39 में मुकदमा दर्ज है। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने नोएडा के विभिन्न स्थानों से लैपटॉप चोरी करने की घटनाओं में शामिल होने की बात भी बताई।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी चोरी किए गए लैपटॉप बेचकर मिलने वाली रकम को अपने शौक पूरे करने में खर्च करता था। फिलहाल बरामद लैपटॉप के संबंध में आगे की जांच की जा रही है, ताकि चोरी की अन्य घटनाओं और संभावित पीड़ितों के बारे में जानकारी जुटाई जा सके। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी के चार टायर एलॉय व्हील सहित, एक लैपटॉप, एक अवैध चाकू और वारदात में इस्तेमाल की गई स्विफ्ट डिजायर टैक्सी कार बरामद की है।

पुलिस बरामद सामान के आधार पर आरोपी से जुड़े अन्य मामलों की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी और बरामदगी के बाद चोरी की अन्य वारदातों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस बरामद सामान और दर्ज मुकदमों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   14 Oct 2026 4:44 PM IST

Tags

Next Story