नोएडा मोबाइल स्नैचिंग गिरोह का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार और नाबालिग हिरासत में

नोएडा मोबाइल स्नैचिंग गिरोह का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार और नाबालिग हिरासत में
नोएडा के सेक्टर-63 थाने की पुलिस ने मोबाइल फोन स्नैचिंग और चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक बाल अपचारी को भी अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से स्नैचिंग और चोरी के कुल 13 मोबाइल फोन, एक अवैध चाकू, 2,000 रुपए नकद और चोरी की एक मोटरसाइकिल बरामद की है।

नोएडा, 18 अगस्त (आईएएनएस)। नोएडा के सेक्टर-63 थाने की पुलिस ने मोबाइल फोन स्नैचिंग और चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक बाल अपचारी को भी अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से स्नैचिंग और चोरी के कुल 13 मोबाइल फोन, एक अवैध चाकू, 2,000 रुपए नकद और चोरी की एक मोटरसाइकिल बरामद की है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी राह चलते लोगों से मोबाइल फोन छीनने के साथ-साथ सुनसान स्थानों पर खड़ी गाड़ियों को भी निशाना बनाते थे। पुलिस के अनुसार, 18 अगस्त को थाना सेक्टर-63 पुलिस टीम लोकल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर संदिग्धों की तलाश कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को मोबाइल फोन स्नैचिंग और चोरी करने वाले गिरोह के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिली।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बहलोलपुर अंडरपास से गढ़ी गोलचक्कर की ओर जाने वाली सड़क पर कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इनकी पहचान धीरज पुत्र मनेश्वर मांझी, उम्र करीब 20 वर्ष और शिवा पुत्र कौशल चौहान, उम्र करीब 19 वर्ष के रूप में हुई है। इनके साथ एक नाबालिग आरोपी को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे राह चलते लोगों से मोबाइल फोन स्नैचिंग करते थे। जब उनके पास काफी संख्या में मोबाइल फोन इकट्ठे हो जाते थे, तो उन्हें कम कीमत पर राह चलते लोगों को अपनी मजबूरी बताकर बेच देते थे।

इसके अलावा, आरोपी सुनसान स्थानों पर खड़ी गाड़ियों को भी निशाना बनाते थे। वे वाहनों के शीशे तोड़कर उनके अंदर रखा कीमती सामान, मोबाइल फोन और लैपटॉप आदि चोरी करने की घटनाओं को अंजाम देते थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 13 मोबाइल फोन, चोरी की मोटरसाइकिल, 2,000 रुपए नकद और एक अवैध चाकू बरामद किया है। बरामदगी के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी धीरज मूलरूप से ग्राम गरखा, थाना गरखा, जिला छपरा, बिहार का रहने वाला है और वर्तमान में चोटपुर कॉलोनी, थाना सेक्टर-63, नोएडा में रह रहा था।

वहीं दूसरा आरोपी शिवा ग्राम राजपुर कलां, जिला मैनपुरी का निवासी है और वर्तमान में चोटपुर कॉलोनी में रह रहा था। जांच में आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। इस मामले में थाना सेक्टर-63 में मुकदमा दर्ज किया गया है। इसके अलावा थाना फेस-3 में भी मामले दर्ज हैं।

पुलिस अब बरामद मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल के संबंध में जानकारी जुटा रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि गिरोह ने अब तक कितनी घटनाओं को अंजाम दिया है और इनके साथ अन्य कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   18 Aug 2026 6:11 PM IST

Tags

Next Story