नवंबर में न्यूजीलैंड दौरे पर जाएगी भारतीय टीम, खेले जाएंगे 2 फ्रेंडली मैच
नई दिल्ली, 11 जुलाई (आईएएनएस)। भारतीय पुरुष राष्ट्रीय फुटबॉल टीम फीफा इंटरनेशनल मैच विंडो के दौरान 12 और 15 नवंबर को मेजबान टीम के खिलाफ 2 फ्रेंडली मैच खेलने के लिए न्यूजीलैंड जाएगी। यह घोषणा शनिवार को ऑल इंडिया फुटबॉल फेडरेशन (एआईएफएफ) ने की है।
इन मुकाबलों का ऐलान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की न्यूजीलैंड यात्रा के हिस्से के तौर पर किया गया है। दोनों देशों के बीच ये मुकाबले 'खेल के जरिए एकता के 100 साल' का जश्न मनाने के लिए आयोजित खेल आयोजनों की श्रृंखला का हिस्सा होंगे।
भारत और न्यूजीलैंड पहले भी दो बार आमने-सामने आ चुके हैं। दोनों देशों का पहला मुकाबला साल 1981 में मलेशिया में खेले गए मर्डेका टूर्नामेंट में हुआ था, जो 0-0 से ड्रॉ रहा। इसके बाद साल 2018 में मुंबई में हुए इंटरकांटिनेंटल कप में न्यूजीलैंड ने 2-1 से जीत हासिल की थी।
आगामी दौरा भारतीय पुरुष राष्ट्रीय टीम का न्यूजीलैंड का पहला दौरा होगा। यह साल 2005 के बाद ओशिनिया फुटबॉल परिसंघ (ओएफसी) के सदस्य देश का उनका पहला दौरा भी होगा, जब भारत ने फिजी के खिलाफ दो अंतरराष्ट्रीय फ्रेंडली मैच खेले थे।
न्यूजीलैंड ने हाल ही में फीफा वर्ल्ड कप 2026 में हिस्सा लिया था, जहां उन्होंने ईरान के साथ मैच ड्रॉ खेला। इसके अलावा, मिस्र और बेल्जियम के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था।
भारत के हेड कोच खालिद जमील का मानना है कि ये दो मुकाबले उनके खिलाड़ियों को एक ऐसी टीम के खिलाफ खेलने की बहुमूल्य चुनौती देंगे, जिसे हाल ही में उच्चतम स्तर पर खेलने का अनुभव मिला है।
जमील ने कहा, "उच्चतम स्तर पर खेलने वाली टीमों का सामना करना हमेशा एक सकारात्मक अनुभव होता है। न्यूजीलैंड एक अच्छी तरह से संगठित टीम है जिसे हाल ही में फीफा वर्ल्ड कप का अनुभव मिला है, उनके खिलाफ उनके घर से दूर खेलना हमारे खिलाड़ियों के लिए एक बहुमूल्य चुनौती होगी। हम इन मुकाबलों का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।"
भारतीय टीम 12 नवंबर को ऑकलैंड स्थित गो मीडिया स्टेडियम में शुरुआती फ्रेंडली मैच में न्यूजीलैंड का सामना करेगी, जिसके बाद दोनों टीमें 15 नवंबर को क्राइस्टचर्च के वन न्यूजीलैंड स्टेडियम में एक बार फिर से आमने-सामने होंगी।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   11 July 2026 7:34 PM IST












