चमोली में बड़ा हादसा सरकारी अस्पताल की क्षतिग्रस्त दीवार गिरने से चिकित्सा प्रभारी की मौत
देहरादून, 11 जुलाई (आईएएनएस)। उत्तराखंड के चमोली जिले में शनिवार दोपहर को नारायणबगड़ के एक सरकारी अस्पताल परिसर में क्षतिग्रस्त दीवार के गिरने से उसकी चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हुए चिकित्सा प्रभारी डॉ. नवीन चंद्र डिमरी की इलाज के दौरान मौत हो गई।
उन्हें अस्पताल में तुरंत उपचार देने के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। अचानक हुई इस घटना से स्थानीय लोग और व्यापारी स्तब्ध रह गए हैं।
25 जून को भारी बारिश के कारण बहकर आए मलबे से अस्पताल की बाउंड्रीवाल क्षतिग्रस्त हो गई थी। वहीं, शनिवार को क्षतिग्रस्त दीवार का मरम्मत कार्य किया जा रहा था। इस दौरान डॉ. नवीन चंद्र डिमरी मरम्मत कार्य का जायजा ले रहे थे कि अचानक पहले से खोखली हो चुकी दीवार उनके ऊपर भरभराकर गिर पड़ी और वे उसके नीचे दब गए।
इस दर्दनाक हादसे का पता चलते ही अस्पताल के स्वास्थ्यकर्मी और व्यापारी बचाव कार्य में जुट गए। घटना के तुरंत बाद अस्पताल में मौजूद कर्मचारियों और स्थानीय लोगों द्वारा उनका तत्काल रेस्क्यू कर मलबे से बाहर निकाला गया तथा प्राथमिक उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणबगड़ ले जाया गया।
चिकित्सकीय परामर्श के अनुसार, उन्हें बेहतर उपचार के लिए उप चिकित्सालय कर्णप्रयाग रेफर किया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बता दें कि उत्तराखंड के पिथौरागढ़ में बीते कई दिनों से हो रही बारिश ने जनपद के सीमांत क्षेत्रों में जनजीवन बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। मुनस्यारी के मल्ला जोहार क्षेत्र में बिल्जू नदी के उफान पर आने से मिलम जाने वाला मुख्य सड़क मार्ग बंद हो गया है, जिससे क्षेत्र के करीब 80 से 90 परिवारों का संपर्क प्रभावित हो गया है।
हालात ऐसे हैं कि ग्रामीण आवश्यक कार्यों के लिए जान जोखिम में डालकर उफनती नदी को पार करने के लिए मजबूर हैं। ग्रामीणों का कहना है कि पुल नहीं होने के कारण दैनिक उपयोग का सामान, राशन और अन्य आवश्यक वस्तुएं दूसरी ओर ले जाना बेहद कठिन हो गया है। यदि किसी व्यक्ति की तबीयत अचानक बिगड़ जाए या स्वास्थ्य संबंधी आपात स्थिति पैदा हो जाए, तो नदी पार करना जान हथेली पर रखकर चलने जैसा है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   11 July 2026 7:34 PM IST












