एनटीपीसी लिमिटेड में एससी-एसटी उम्मीदवारों के लिए विशेष भर्ती, 19 पदों के लिए 13 अक्टूबर तक करें आवेदन
नई दिल्ली, 11 अक्टूबर (आईएएनएस)। एनटीपीसी लिमिटेड में नौकरी करने की इच्छा रखने वालों के लिए एक बेहद खास मौका सामने आया है। इन पदों पर आवेदन करने के लिए कुछ दिन शेष है। नोटिफिकेशन के मुताबिक, योग्य उम्मीदवार 13 अक्तूबर तक आवेदन कर सकेंगे।
एनटीपीसी लिमिटेड ने एससी-एसटी उम्मीदवारों के लिए विशेष भर्ती अभियान के तहत डिप्टी मैनेजर सहित विभिन्न 19 पदों पर रिक्तियों की घोषणा की है। इसके लिए आधिकारिक अधिसूचना भी जारी की गई है।
एनटीपीसी लिमिटेड की ओर से जारी 19 रिक्तियों में डिप्टी मैनेजर (सिविल कंस्ट्रक्शन) का 1, डिप्टी मैनेजर (मैकेनिकल इरेक्शन) के 9, डिप्टी मैनेजर (इलेक्ट्रिकल इरेक्शन) के 2, असिस्टेंट मैनेजर (ऑपरेशन/मेंटेनेंस) - मैकेनिकल के 2, इंजीनियर (इलेक्ट्रिकल इरेक्शन) का 1 और असिस्टेंट ऑफिसर (सेफ्टी) के 4 पद शामिल हैं।
इन सभी पोस्ट के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 29 सितंबर से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 13 अक्तूबर तक तय की गई है।
ऐसे में जो उम्मीदवार इन पदों पर नियुक्त होने के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, वे एनटीपीसी लिमिटेड की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर तय अंतिम तिथि की शाम 6 बजे तक या उससे पहले अपनी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से पद से संबंधित विषय के अनुसार बीई/बीटेक की डिग्री होनी चाहिए। इसके अलावा, कैंडिडेट्स के पास पोस्ट के अनुसार प्रासंगिक क्षेत्र में निर्धारित 3 से 8 वर्षों का अनुभव होना भी अनिवार्य है।
आवेदकों की अधिकतम आयु पद के अनुसार 40 से 50 वर्ष के बीच तय की गई है, जिसकी गणना आवेदन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि के आधार पर की जाएगी।
इसके साथ ही, बेंचमार्क दिव्यांगता वाले व्यक्ति (पीडब्ल्यूबीडी) और पूर्व सैनिक श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
इस पद के लिए योग्य अभ्यर्थियों का चयन आवेदन की शॉर्टलिस्टिंग/स्क्रीनिंग, लिखित/कंप्यूटर-आधारित परीक्षा, व्यक्तिगत साक्षात्कार, मेडिकल परीक्षण, आदि के आधार पर किया जाएगा। इसके बाद पद के लिए चयन किए गए कैंडिडेट्स की सैलरी पद के अनुसार 30,000 से 2,00,000 रुपए के बीच प्रति माह होगी।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   11 Oct 2026 11:32 PM IST











