'न्यूक्लियर एनर्जी इनोवेशन समिट फॉर अफ्रीका' में वर्चुअली शामिल होंगे मंत्री जितेंद्र सिंह
नई दिल्ली, 9 मई (आईएएनएस)। भारत में रवांडा की उच्चायुक्त जैकलीन मुकांगीरा ने शनिवार को केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने जितेंद्र सिंह को रवांडा के राष्ट्रपति की ओर से ‘न्यूक्लियर एनर्जी इनोवेशन समिट फॉर अफ्रीका (एनईआईएसए 2026)’ में भाग लेने का निमंत्रण सौंपा।
जितेंद्र सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जानकारी साझा करते हुए कहा कि वह इस निमंत्रण के लिए “बहुत आभारी” हैं। उन्होंने बताया कि यह सम्मेलन 18 से 21 मई 2026 तक रवांडा की राजधानी किगाली में आयोजित किया जाएगा।
हालांकि, केंद्रीय मंत्री ने व्यक्तिगत रूप से रवांडा नहीं जा पाने पर खेद जताया, लेकिन उन्होंने सम्मेलन में वर्चुअल माध्यम से शामिल होकर निर्धारित सत्र को संबोधित करने पर सहमति जताई है।
सिंह ने कहा कि रवांडा की उच्चायुक्त और उनकी टीम ने भारत के साथ वैज्ञानिक और तकनीकी सहयोग को और विस्तार देने में गहरी रुचि दिखाई। साथ ही भारत के संस्थानों के साथ साझेदारी मजबूत करने की इच्छा भी व्यक्त की गई।
भारत अफ्रीकी देशों के साथ विज्ञान, स्वास्थ्य, डिजिटल तकनीक और ऊर्जा क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर विशेष जोर देता रहा है। भारत पहले भी अफ्रीकी देशों के साथ क्षमता निर्माण, डिजिटल सार्वजनिक अवसंरचना, अंतरिक्ष विज्ञान और परमाणु ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में साझेदारी करता रहा है।
‘एनईआईएसए 2026’ सम्मेलन अफ्रीका में स्वच्छ ऊर्जा, परमाणु तकनीक और ऊर्जा सुरक्षा को लेकर भविष्य की रणनीतियों पर चर्चा का अहम मंच बनने जा रहा है। सम्मेलन में नीति-निर्माताओं, वैज्ञानिकों, निवेशकों और ऊर्जा क्षेत्र से जुड़े वैश्विक प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है।
भारत और रवांडा के बीच हाल के वर्षों में द्विपक्षीय संबंधों में लगातार विस्तार देखा गया है। दोनों देश स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, डिजिटल इनोवेशन और उभरती प्रौद्योगिकियों के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने की दिशा में सक्रिय रूप से काम कर रहे हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   9 May 2026 5:45 PM IST












