ओडिशा बलियंता मॉब लिंचिंग मामले की क्राइम ब्रांच जांच के आदेश, सीएम माझी ने जताई कड़ी नाराजगी
भुवनेश्वर, 9 मई (आईएएनएस)। ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरम माझी ने शनिवार को भुवनेश्वर के बाहरी इलाके बलियंता में हुई मॉब लिंचिंग की घटना पर कड़ी नाराजगी जताई और मामले की विस्तृत जांच के लिए क्राइम ब्रांच को निर्देश दिए।
शनिवार शाम को लोक सेवा भवन में मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें घटना के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
घटना की परिस्थितियों की समीक्षा करने के बाद मुख्यमंत्री ने क्राइम ब्रांच को निष्पक्ष और व्यापक जांच करने तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
मुख्यमंत्री ने पुलिस महानिदेशक वाई.बी. खुराानिया को सतर्क रहने और राज्य में भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सभी आवश्यक एहतियाती कदम उठाने को कहा।
कानून के शासन को बनाए रखने पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने पुलिस प्रशासन को आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्यमंत्री के सलाहकार प्रकाश मिश्रा, मुख्य सचिव अनु गर्ग, गृह विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव हेमंत शर्मा, डीजीपी वाई.बी. खुरानिया, मुख्यमंत्री के अतिरिक्त मुख्य सचिव शाश्वत मिश्रा, इंटेलिजेंस निदेशक आर.पी. कोचे, एडीजी लॉ एंड ऑर्डर संजय कुमार, एडीजी क्राइम ब्रांच बिनयतोष मिश्रा, पुलिस कमिश्नर एस देव दत्ता सिंह और डीसीपी जगमोहन मीणा समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   9 May 2026 10:17 PM IST












